हिसार | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में कल चंडीगढ़ में कैबिनेट मीटिंग बुलाई गई थी, जिसमें हांसी को नया जिला बनाने को मंजूरी प्रदान की गई है. इस फैसले के साथ ही हांसी हरियाणा राज्य का 23वां जिला बन गया है. विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में गठित राज्य पुनर्गठन समिति ने 9 दिसंबर, 2025 को अपनी बैठक में जिला हांसी के गठन को स्वीकृति देते हुए इसकी सिफारिश की थी. इसे बाद में मुख्यमंत्री की मंजूरी मिली.
हांसी जिले का भौगोलिक क्षेत्रफल
प्रस्तावित जिला हांसी में हांसी और नारनौंद विधानसभा क्षेत्रों के कुल 110 गांव शामिल किए जाएंगे, जो वर्तमान में हिसार जिले का हिस्सा हैं. नए जिले में दो उपमंडल हांसी और नारनौंद होंगें, जिन्हें हिसार जिले से अलग किया जाएगा. इसके अलावा, प्रस्तावित जिले में 3 तहसीलें हांसी, नारनौंद और बास तथा एक उप- तहसील खेड़ी जालब भी शामिल होगी. जिले में 3 ब्लॉक हांसी- 1, हांसी- 2 और नारनौंद होंगे. प्रस्तावित जिला हांसी का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल लगभग 1,34,976 हेक्टेयर होगा और इसकी अनुमानित जनसंख्या लगभग 5,40,994 है.
हांसी जिले में शामिल गांवों की सूची
हरियाणा के 23वें जिले हांसी में हांसी और नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के जिन गांवों को शामिल किया गया है. उनमें हांसी शहर, अनीपुरा, बडाला, बांडा हेडी, बाडा जग्गा, बड़छपर, बास आजमशाहपुर, बास अकबरपुर, बास बादशाहपुर, बास खुर्द, भकलाना, भैणी अमीरपुर, भाटला, भाटोल जाटान, भाटोल रागडान, बीड हांसी, बुडाना, चानोत, डाटा, दयाल सिंह कॉलोनी, दैपल, धामियां, ढाणा खुर्द, ढाणा कलां, ढंढेरी, ढाणी ब्राह्मणान माजरा राजपुरा, ढाणी गुजरान, ढाणी केंदु, ढाणी कुम्हारान, ढाणी कुन्दनपुर, ढाणी पाल, ढाणी पीरान, खेड़ा रागडान, खेड़ी गगन, खेड़ी जालब, खेड़ी लोचब, खेड़ी रोज और खेड़ी श्योराण, किन्नर, कोथ कलां, कोथ खुर्द, कुलाना, कुम्भा, कुतुबपुर, लालपुरा, लोहारी राघो, मदन हेडी, माढा, मैंहंदा, महजद, माजरा, मामनपुरा, मसूदपुर, मिलकपुर, मिर्चपुर, मोहला, मोठ करनैल साहब, मोठ रांगडान, मुजादपुर, नाडा, नारनौंद, शाहपुर, पाली, पेटवाड़, प्रेमनगर, ढाणी पीरावाली, ढाणी पुरिया, ढाणी राजू, ढाणी सकरी, ढाणी ठाकरिया, धर्म खेड़ी, गढ़ी, गढ़ी अजिमा, गामड़ा, घिराय, गुराना, हैबतपुर, हाजमपुर, जमावड़ी, जामनी खेड़ी, जीतपुरा, कांगसर, कंवारी, कापड़ो, खांडा खेड़ी, खानपुर, खरबला, खरकड़ा, पुट्ठी मंगलखां, पुट्ठी समैण, राजपुरा, राजथल, राखी खास, राखी शाहपुर, रामायण, रामपुरा, रोशन खेड़ा, माजरा, खरबला, सैनीपुरा, शेखपुरा, सिंधर, सिंघवा खास, सिंघवा राघो, सीसर, सिसाय बोला, सिसाय कालीरावण, सोरखी, सुलचानी, सुल्तानपुर, थुराना, उगालन और उमरा शामिल हैं.
