दिल्ली- गुरुग्राम के बीच आवाजाही करने वालों के लिए खुशखबरी, इस रूट पर चलेगी नई इलेक्ट्रिक AC बसें

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां बहुत जल्द धौलाकुआं से धारूहेड़ा के बीच नई इंटर- स्टेट इलेक्ट्रिक बस सेवा को हरी झंडी दिखाई जाएगी. इस रूट पर बसों के संचालन से दिल्ली- हरियाणा के बीच रोजाना आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों को राहत पहुंचेगी.

Haryana Roadways AC Bus

दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के एक अधिकारी ने बताया कि जल्द ही रोडवेज बेड़े में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी, जिसके बाद इन्हें विभिन्न रूटों पर संचालित किया जाएगा. इससे न सिर्फ बस सेवाओं की संख्या में इजाफा होगा बल्कि यात्रियों को भी समय पर परिवहन सेवा का लाभ और ज्यादा बेहतर मिलेगा.

इन लोगों को मिलेगा फायदा

धौलाकुआं- धारूहेड़ा रूट पर नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से सबसे ज्यादा फायदा खासतौर पर गुरुग्राम और मानेसर औद्योगिक क्षेत्र में रोजाना आवागमन करने वाले कर्मचारियों और श्रमिकों को मिलेगा. इन बसों का रूट धौलाकुआं से होकर हरियाणा के राजोकरी बार्डर, गुरुग्राम, मानेसर, पंचगांव, सिधरावली और धारूहेड़ा के प्रमुख इलाकों से होकर रहेगा.

यह भी पढ़े -  शाहदरा CBD में जजों के लिए आधुनिक हाउसिंग प्रोजेक्ट, दिल्ली सरकार की बड़ी योजना

प्रदुषण होगा कम

इन इलाकों में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां और कॉरपोरेट जगत के कार्यालय पड़ते हैं, जहां रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही रहती है. ऐसे में नई बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को प्राइवेट वाहनों पर निर्भर नहीं होना पड़ेगा. उन्हें पहले से बेहतर परिवहन सेवा का लाभ मिलेगा, जिससे उनका सफर आरामदायक हो जाएगा. दिल्ली सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करना है, ताकि ज्यादा डिमांड वाले क्षेत्रों में यात्रियों की भीड़- भाड़ और प्रदुषण को कम करने में मदद मिल सके. सरकार का यह कदम यात्रियों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचाने का काम करेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.