चंडीगढ़ | हरियाणा में प्रस्तावित नए जिले हांसी को जिला बनाने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है. यह नोटिफिकेशन राजस्व विभाग द्वारा राज्यपाल की ओर से जारी किया गया हैं, जिसमें लिखा गया है कि राज्यपाल अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए हांसी को नया जिला बनाते हैं.
हरियाणा के CM ने की थी घोषणा
गत 16 दिसंबर को हांसी में आयोजित विकास रैली में सीएम नायब सैनी बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपने संबोधन में हांसी को जिला बनाने की बड़ी घोषणा की थी. उन्होंने कहा था कि हांसी को जिला बनाने का नोटिफिकेशन 1 सप्ताह में जारी कर दिया जाएगा. अब हांसी में डीसी की नियुक्ति का इंतजार रहेगा. वहीं, अन्य जिलास्तरीय अधिकारियों की भी नियुक्ति की जाएगी.
नए जिले में होंगे 3 ब्लॉक
हांसी को जिला बनाने के बाद अब हिसार जिले का भी स्वरूप बदल गया है. अब हिसार जिले में केवल हिसार और बरवाला उपमंडल रह जाएंगे, जबकि हांसी जिले में हांसी और नारनौंद उपमंडल शामिल होंगे. नए जिले में हांसी, नारनौंद और बास तहसील के साथ खेड़ी जालब उप- तहसील शामिल की गई है. इसके अलावा हांसी- 1, हांसी- 2 और नारनौंद नाम के 3 ब्लॉक बनाए गए हैं.
मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार ने सीएम की घोषणा के एक सप्ताह के अंदर हांसी को जिला बनाए जाने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समस्त हांसी जिलावासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। pic.twitter.com/ukFvD4Go7V
— CMO Haryana (@cmohry) December 22, 2025
जिला हांसी में हांसी और नारनौंद विधानसभा क्षेत्रों के कुल 110 गांव शामिल किए गए हैं. जिले का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल लगभग 1,34,976 हेक्टेयर होगा, जबकि अनुमानित जनसंख्या करीब 5.41 लाख होगी. जिला बनने से हांसी क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक और न्यायिक सुविधाएं अब अपने ही शहर में मिलेंगी. उन्हें हिसार तक भाग- दौड़ करने से छुटकारा मिलेगा. इससे समय और पैसा दोनों की बचत होगी.
