गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम के सोहना शहर को अवैध अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने की तैयारियां शुरू हो गई है. नगर परिषद् सोहना ने शहरवासियों को इन समस्याओं से छुटकारा दिलाने के लिए 4 प्रमुख जगहों पर पार्किंग स्थल विकसित करने की योजना बनाई है और नई साल से इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया जाएगा.
सोहना में अतिक्रमण बड़ी बाधा
शहर के पुराने बाजार इलाके और सड़कों की चौड़ाई कम होने के कारण अवैध रूप से खड़े वाहन सुगम ट्रैफिक संचालन में एक बड़ी रूकावट पैदा कर रहे हैं. आलम यह है कि नगर परिषद कार्यालय के बाहर ही सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग जाती है, जिससे खुद परिषद अधिकारियों की गाड़ियां भी कार्यालय तक नहीं पहुंच पाती है.
सिविल अस्पताल रोड, चुंगी नंबर- 1, शहीद भगत सिंह मार्ग और बस स्टैंड सड़क मार्ग पर पर रोजाना सैकड़ों की संख्या में वाहन खड़े रहते हैं, जो ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह बनते हैं. ऐसे में शहरवासियों को इस परेशानी से बचाने के लिए नगर परिषद ने पार्किंग स्थल विकसित करने के लिए चार प्रमुख जगहों को चिह्नित किया है.
इन जगहों पर बनेंगे पार्किंग स्थल
- पुराना बस स्टैंड: खाली पड़े परिसर का इस्तेमाल वाहन पार्किंग के लिए किया जाएगा.
- अग्रसेन मार्ग: बिजली निगम के 33 kVA कार्यालय के साथ परिषद की दुकानों के सामने वाली खाली जगह पर पार्किंग एरिया बनाया जाएगा.
- राजीव गांधी पार्क: पार्क के सामने खाली पड़ी जमीन को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा.
- पुराना तहसील परिसर: पुराना तहसील परिसर में पार्किंग स्थल विकसित करने के लिए मिट्टी डालने का काम शुरू कर दिया गया है. इसे सड़क के स्तर से ऊपर उठाया जाएगा ताकि बारिश में जलभराव न हो और वाहन चालक बिना किसी परेशानी के अपनी गाडियां खड़ी कर सकें. इस परिसर के तैयार होने पर वाहन चालकों को शहर के बीचोंबीच पार्किंग स्थल के रूप में एक बड़ी सुविधा का लाभ मिलेगा.
