हिसार | हरियाणा से तिरूपति बालाजी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. रेलवे (Indian Railways) ने यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए तिरूपति- हिसार- तिरूपति साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन संचालित करने का फैसला लिया है. इस ट्रेन का संचालन 31 दिसंबर से 11 फरवरी तक होगा. इस ट्रेन के संचालन का हिसार सहित आसपास के क्षेत्र और भिवानी जिले के कई इलाकों के लोगों को पहुंचेगा.
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि नए साल के शुभ अवसर पर तिरूपति बालाजी जाने वाले श्रद्धालुओं को इस स्पेशल ट्रेन के संचालन का फायदा पहुंचेगा.
यह रहेगा शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 07717, तिरूपति- हिसार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 31 दिसंबर से 11 फरवरी तक तिरूपति से हर बुधवार रात 11.45 बजे रवाना होकर शनिवार को दोपहर 02.05 बजे हिसार रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगी.
इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 07718, हिसार- तिरूपति साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 4 जनवरी से 15 फरवरी तक हिसार रेलवे स्टेशन से हर रविवार को रात सवा 11 बजे रवाना होकर बुधवार को सुबह साढ़े 11 बजे तिरूपति स्टेशन पहुंचेगी. इस ट्रेन में 14 थर्ड एसी, छह द्वितीय श्यनयान और 2 पावर कार डिब्बों सहित कुल 22 डिब्बे होंगे.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में रेणिगुंटा, राजमपेटा, कड़पा, यर्रगुंटला, ताडिपत्रि, गुत्ती, गुंटकल, डोन, कर्नुल सिटी, गडवाल, महबूबनगर, जडचर्ला, काचीगुडा, मलकाजगिरी, मेडचल, कामारेड्डी, निजामाबाद, बसर, धर्माबाद, मुदखेड, नांदेड, पूर्णा, बसमत, हिंगोली, वाशिम, अकोला, शेहगांव, मलकापुर, भुसावल, जलगांव, धरणगांव, अमलनेर, नंदुरबार, उधना, वडोदरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, सीकर, नवलगढ़, झुंझुनूं, चिडावा, लोहारू और सादुलपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
