चंडीगढ़ | हरियाणा में नए जिले बनाने की चर्चाएं काफी दिन से हो रही है, जिसपर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सहमति भी मिल चुका है. इसे लेकर प्रशासनिक सीमाएं में भी लगातार बदलाव जारी है. इसके तहत, गांवों और शहरी इलाकों की तहसील व उपतहसील बदली जा रही है. सरकार द्वारा लिए गए इस फैसले से आम जनता को बहुत राहत पहुंचने वाली है. दरअसल, इससे प्रशासनिक कामकाज को ज्यादा सरल हो जाएगा. लोगों को अपने कामों के लिए इधर- उधर भटकने की जरूरत नहीं है. इससे समय में भी बचत होगी.
बात करें फरीदाबाद शहर की तो यहां के 5 सेक्टरों की तहसील बदल दी गई है. जिसमें सेक्टर 15, 15ए और 16ए शामिल है, जिसे अब बड़खल की जगह फरीदाबाद तहसील में शामिल किया गया है. वहीं, सेक्टर 21ए और 21बी को फरीदाबाद तहसील से हटाकर बड़खल तहसील में कर दिया गया है.
हरियाणा कैबिनेट में मिली मंजूरी
प्रदेश के 5 जिलों के कुल 17 गांवों की तहसील- उपतहसील भी बदली गई है. सिरसा जिले के 9 गांवों को नई तहसीलों से जोड़ा गया है. यमुनानगर और झज्जर के 3- 3 गांवों की प्रशासनिक सीमा बदली गई है, जबकि महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के 1- 1 गांव को नई तहसील व्यवस्था में शामिल किया गया है. बता दें कि 8 दिसंबर 2025 को हुई कैबिनेट बैठक में राज्य स्तरीय पुनर्गठन कमेटी की सिफारिशों को मंजूरी दी गई थी. इसके बाद, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्तायुक्त राजस्व डॉ. सुमिता मिश्रा ने तहसील-उपतहसील परिवर्तन की अधिसूचना जारी कर दी.
आम जनता को राहत
सरकार का दावा है कि इस बदलाव से आम जनता को राहत मिलेगी. जमीन, रजिस्ट्री, इंतकाल और अन्य राजस्व संबंधी कामों के लिए अब लोगों को दूर-दराज की तहसीलों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. नजदीकी तहसील में काम होने से समय और खर्च दोनों की बचत होगी. नए जिले बनाने की प्रक्रिया जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे तहसील और उपतहसील की सीमाओं में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
