चंडीगढ़ | हरियाणा में घने कोहरे का दौर निरंतर जारी है. मंगलवार को कोहरे के चलते दृश्यता केवल 10 मीटर रही है, जिसके कारण जनजीवन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. दूसरी तरफ, कोहरे के कारण सड़क हादसे भी बढ़ रहे है. ऐसे में प्रशासन ने वाहन धीरे चलाने की सलाह दी है. मैदानी इलाकों में कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है.
प्रदेश में मंगलवार को हिसार शहर का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सोमवार को 2.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. वहीं, हरियाणा में दिसंबर महीने में एक बार भी बारिश नहीं हुई. अगर दिसंबर सूखा निकला तो ऐसा मौका 20 साल बाद होगा. ऐसा पहले 2005 में हुआ था. इसके बाद ऐसा कभी नहीं हुआ कि दिसंबर में बारिश नहीं हुई हो.
नए साल पर मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में आज रात से ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. आज थोड़ी गरज – चमक के साथ बारिश की संभावना है. 1 जनवरी को भी हरियाणा व एनसीआर में अधिकतर स्थानों पर बारिश की ज्यादा संभावना जताई गई है. 2 जनवरी से फिर से ठंड का प्रकोप बढ़ने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पर्वतीय क्षेत्रों पर भारी बर्फबारी होगी, जिसका असर मैदानी इलाकों पर ज्यादा होगा.
यातायात पर प्रभाव
घने कोहरे के चलते यातायात भी प्रभावित हुआ है. ट्रेन लेट होने के कारण यात्रियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है, जिसके बाद रेलवे अधिकारियों ने कहा कि मौसम साफ होते ही ट्रेन समय पर चलने लगेगी. बसों का भी यही हाल है क्योकि बस भी अपने समय से 1 – 1 घंटा लेट पहुंच रही है.
