चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है. बुधवार को सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रहा और नए साल की शुरुआत हल्की बूंदाबादी के साथ हुई. कोहरे के कारण दृश्यता 10 मीटर से कम रही है, जिसके कारण वाहन चलाने वालों को हेडलाइट्स और फॉग लाइटों का सहारा लेना पड़ा. इसके अलावा, दिन में चली ठंडी हवाओं ने लोगों की ठिठुरन बढ़ाई है.
प्रदेश में हिसार शहर का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वही, न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा. दिन के तापमान में गिरावट आने से दिन में ठंड ज्यादा महसूस होने लगी है. पिछले कुछ सप्ताह से रात का तापमान सिंगल डिजिट में बना हुआ है.
नए साल पर मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है. 31 दिसंबर की रात को सक्रिय होने से इस मौसम प्रणाली के असर से हरियाणा व एनसीआर में नववर्ष की शुरुआत हल्की बूंदाबांदी से हुई. इस मौसम प्रणाली के असर से पंजाब से सटे कुछ हिस्सों पर मध्यम व कुछ स्थानों पर तीव्र बारिश होने की और ठंडी तेज हवाओं के चलने की संभावना है. इसके साथ ही, कुछ स्थानों पर गरज- चमक के साथ ओले गिरने की संभावना भी जताई गई है.
ऑरेंज अलर्ट जारी
इस मौसम प्रणाली से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर भारी बर्फबारी होने की संभावना है. जिसके प्रभाव से हरियाणा में ठंड बढ़ेगी. 2 जनवरी के बाद पूरे मैदानी क्षेत्रों में धुंध, कोल्ड डे और पाला जमने की स्थिति देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग ने पूरे हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है.
