चंडीगढ़ | हरियाणा में पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर देखने को मिल रहा है. लगातार 3 दिन से सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए है. दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट के साथ कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है. प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर का प्रभाव बढ़ रहा है. प्रदेश के नारनौल में दिन का तापमान सबसे कम पाया गया है जोकि 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. बता दें कि यह सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस कम रहा है.
शीत ठंडी हवाओं के कारण शनिवार को महेन्द्रगढ़ में तापमान गिरकर 4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है. हिसार का तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है और अंबाला में दिन का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
हरियाणा में मौसम का हाल
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया है कि हरियाणा में मौसम 8 जनवरी तक खुश्क रहने की संभावना है, लेकिन 5 और 6 जनवरी को बीच-बीच में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान वातावरण में नमी होने से हरियाणा के ज्यादातर इलाकों में धुंध और कोहरे की स्थिति बन सकती है.कुल मिलाकर 10 जनवरी तक कड़ाके की ठंड का अनुमान है.
तापमान में गिरावट आने की संभावना
दिन और रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड ओर बढ़ सकती है. इसके अलावा, मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही, हरियाणा के 9 जिलों में कोल्ड डे की स्थिति रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने इस दौरान वाहन धीरे से चलाने की सलाह दी है.
