रोहतक | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि रेलवे बोर्ड ने रोहतक और असम के कामाख्या के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को मंजूरी प्रदान कर दी है. इस फैसले के साथ ही रोहतक जिले को ट्रेन मार्ग के जरिए सीधे पूर्वोत्तर भारत से कनेक्टिविटी मिलेगी जो अब तक दिल्ली या अन्य बड़े जंक्शन के माध्यम से ही संभव थी.

रोहतक से यह रहेगा शेड्यूल
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेशानुसार ट्रेन नंबर 15671, कामाख्या- रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार रात 10 बजे कामाख्या से रवाना होकर दो दिन का सफर तय करते हुए रविवार दोपहर पौने 3 बजे रोहतक पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 15672, रोहतक- कामाख्या एक्सप्रेस ट्रेन रविवार रात 10.10 बजे रोहतक से रवाना होकर मंगलवार दोपहर सवा 12 बजे कामाख्या पहुंचेगी. हालांकि, अभी तक ट्रेन के संचालन का औपचारिक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है.
रेलवे बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि असम से रवाना होकर यह ट्रेन बिहार, UP, दिल्ली से होते हुए हरियाणा का सफर तय करेगी. इस दौरान बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में काठिहार, छपरा, वाराणसी, प्रयागराज, दिल्ली सहित अनेक प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इसके अलावा रंगिया, न्यू जलपाईगुड़ी, किशनगंज, बरौनी, बेगूसराय, हाजीपुर, सोनपुर, बलिया, गाजियाबाद और बहादुरगढ़ जैसे स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव रहेगा. इससे बड़ी संख्या में यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.
समय और खर्च दोनों की होगी बचत
अब तक रोहतक और आसपास के क्षेत्रों से असम सहित पूर्वोत्तर राज्यों में जाने के लिए पहले दिल्ली जाना पड़ता था और फिर वहां से दूसरी ट्रेन का सहारा लेना पड़ता था लेकिन अब इस सीधी ट्रेन सेवा के शुरू होने पर इस परेशानी से छुटकारा मिलेगा. रोहतक, भिवानी, झज्जर और सोनीपत के यात्रियों के लिए यह ट्रेन समय और खर्च दोनों की बचत करेगी.
प्रदेश के इन जिलों से असम के कामाख्या मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधी ट्रेन सेवा की सौगात मिलने पर सफर करना आरामदायक हो जाएगा. इन्हें लंबी दूरी की इस ट्रेन में कंफर्म टिकट मिलने से बिना किसी परेशानी के आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा.