महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा में रेलयात्रियों को लंबी दूरी की विभिन्न रेलगाड़ियों के ठहराव की सौगात मिली है. सर्द मौसम में यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा महेंद्रगढ़, सतनाली और सिवानी रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर कई ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी प्रदान की गई है. इन ट्रेनों के ठहराव से इन इलाकों के लोगों को फायदा पहुंचेगा.

हरियाणा को नई ट्रेनों के ठहराव का तोहफा
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 12323, हावड़ा- बाड़मेर ट्रेन 21 जनवरी से महेंद्रगढ़ स्टेशन पर शाम 6 बजे आगमन करते हुए 2 मिनट का ठहराव करेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 12324, बाड़मेर- हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन 22 जनवरी से महेंद्रगढ़ स्टेशन पर सुबह 04.28 बजे आगमन करते हुए 2 मिनट का ठहराव करेगी.
इसके अलावा ट्रेन नंबर 19701, जयपुर- दिल्ली कैंट ट्रेन 19 जनवरी से सतनाली रेलवे स्टेशन पर रात 02.10 बजे आगमन करते हुए 2 मिनट का ठहराव करेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 19702, दिल्ली कैंट- जयपुर ट्रेन 19 जनवरी से सतनाली रेलवे स्टेशन पर 02.40 बजे आगमन करते हुए 2 मिनट का ठहराव करेगी.
भोले की नगरी का सफर करना होगा आसान
कैप्टन शशि किरण ने बताया कि सिवानी और आसपास के क्षेत्रों से भोले की नगरी हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अच्छी खबर है. ट्रेन नंबर 14717, बीकानेर- हरिद्वार ट्रेन 20 जनवरी से सिवानी रेलवे स्टेशन पर 02.51 बजे आगमन करते हुए 2 मिनट का ठहराव करेगी.
इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 14718, हरिद्वार- बीकानेर ट्रेन 21 जनवरी से सिवानी रेलवे स्टेशन पर 02.25 बजे आगमन करते हुए 2 मिनट का ठहराव करेगी. इन ट्रेनों के ठहराव से विभिन्न राज्यों के लिए लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को राहत पहुंचेगी. उन्हें अपने नजदीकी स्टेशन से रेलसेवा का लाभ मिलेगा.