फरीदाबाद | हरियाणा में जमीन खरीदने वालों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. दरअसल अब हरियाणा में प्लॉट या फ्लैट खरीदना पहले से अधिक महंगा हो गया है. बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा करीब 46 शहरों पर बाह्य विकास शुल्क (EDC) पर 10% की बढ़ोतरी कर दी गई है. नई दरों को 1 जनवरी से लागू कर दिया गया है. दरअसल, डेवलपर्स प्रोजेक्ट के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए सरकार को EDC देते है.
गुरुग्राम- फरीदाबाद सहित इन शहरों में महंगी होगी कीमत
EDC बढ़ने से राज्य में आवासीय और कामर्शियल संपत्ति महंगी हो सकती है. बढ़ी हुई फीस होम, इंडस्ट्रियल, कॉमर्शियल और कंबाइन यूज वाले सभी प्रोजेक्ट पर लागू होगी. इसके साथ ही, बढ़ी हुई राशि का असर फ्लैट और प्लॉट की कीमतों पर भी पड़ने वाला है और आने वाले प्रोजेक्ट की कीमतों में ओर उछाल देने को मिलेगा.
बदलाव के बाद की दरें
गुरुग्राम क्षेत्र में बदलाव के बाद प्लॉटेड कॉलोनियों के लिए EDC लगभग 1.37 करोड़ रूपए प्रति एकड़ निर्धारित किया गया है. इसमें ग्रुप हाऊसिंग प्रोजेक्ट के लिए 400 व्यक्ति प्रति एकड़ घनत्व वाली कॉलोनियों के लिए दर 5.49 करोड़ रुपए प्रति एकड़ निर्धारित की गई है. 300 व्यक्ति प्रति एकड़ घनत्व वाली कॉलोनियों के लिए 4.12 करोड़ रुपए प्रति एकड़ दर निर्धारित की गई है.
सरकार ने फरीदाबाद और गुरुग्राम के सोहना को उच्च संभावित क्षेत्र माना है जिसके कारण यहां EDC की दर 1.23 करोड़ प्रति एकड़ निर्धारित की गई है. हाउसिंग कालोनियों के लिए 400 प्रति एकड़ आवासीय स्वामित्व (PPA) के लिए 4.94 करोड़ प्रति एकड़ और 300 PPA के लिए 3.71 करोड़ प्रति एकड़ शुल्क लागू किया है.
इन शहरों पर होगा ज्यादा असर
ग्रुप हाउसिंग में 400 PPA पर 3.29 करोड़ रूपए प्रति एकड़ शुल्क होने से मध्यम पोटेंशियल एरिया में आने वाले अंबाला, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, बहादुरगढ़, हिसार, रोहतक, बावल, पलवल और गन्नौर जैसे कई शहरों पर असर देखने को मिल सकता है. इन एरिया में प्लाटेड कालोनियों के लिए EDC लगभग 82 लाख रुपए प्रति एकड़ होगी. इस मामले पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने बोला कि यह बढ़ोतरी जनता की जेब पर भारी पड़ने वाली है.
