गुरुग्राम | वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि गुरुग्राम- अलवर हाइवे (NH- 248A) पर सोहना के अंबेडकर चौक पर नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. 3 किलोमीटर लंबा यह फ्लाईओवर दमदमा चौक से शुरू होकर निरंकारी बाबा गुरबचन सिंह मेमोरियल कॉलेज तक जाएगा. अगले महीने इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और दो साल के भीतर इस प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
गुरुग्राम में 300 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट
गुरुग्राम- सोहना हाइवे पर राजीव चौक से लेकर दमदमा चौक तक एलिवेटेड रोड बना हुआ है, लेकिन दमदमा चौक पर उतरने के बाद वाहन चालकों को नूंह जाने के लिए अंबेडकर चौक के ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. इस चौक पर सोहना- पलवल रोड और सोहना- तावडू रोड आकर मिलते हैं. ऐसे में यहां ज्यादा ट्रैफिक दबाव के चलते सोहना से नूंह, फिरोजपुर झिरका होते हुए अलवर जाने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ता है लेकिन अब इसी समस्या को दूर करने के लिए करीब 300 करोड़ रुपए की लागत से नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा.
इस फ्लाईओवर में अंबेडकर चौक पर प्रवेश और निकास की व्यवस्था होगी. यदि किसी को पलवल की ओर जाना है तो वह पलवल की साइड मुड़ जाएगा. यदि तावडू से से आने वालों को गुरुग्राम की ओर जाना है तो वह फ्लाईओवर के ऊपर चढ़ सकता है. वहीं, स्थानीय लोग लंबे समय से चुंगी नंबर-1 के पास गुरुग्राम- सोहना एलिवेटेड रोड पर गुरुग्राम आवागमन के लिए कट की मांग कर रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि फ्लाईओवर की शुरुआत में कट दिया जा सकता है.
लंबी दूरी का सफर होगा सुहाना
राजीव चौक से यदि नूंह या अलवर की तरफ जाना है तो उसे सोहना में उतरने की जरूरत नहीं पड़ेगी. वह फ्लाईओवर की मदद से बाहर निकल जाएगा. इसके बनने से नूंह, फिरोजपुर झिरका, नगीना, पुन्हाना, पिनगवां, तावडू, रेवाड़ी, पलवल, आगरा, मथुरा आवागमन करने वाले वाहन चालकों को तगड़ा फायदा पहुंचेगा.
NH- 248A पर 300 करोड़ रुपए की लागत से 3 किलोमीटर लंबे नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. केंद्र सरकार ने टेंडर को मंजूरी प्रदान कर दी है. अगले महीने में टेंडर आवंटित कर दिया जाएगा. इस फ्लाईओवर के निर्माण से बड़े स्तर पर ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी- तपेश कुमार, उपमंडल अधिकारी, PWD B&R
