चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. दिन में ठंड कम होती है और राते सर्द भरी होती है. दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने की मिल रही है, लेकिन रात का तापमान सामान्य है. मौसम विभाग ने कई जिलों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे सुबह के समय दृश्यता कम रह सकती है. लोगों को सलाह दी है कि वाहन की गति धीमी रखे.
प्रदेश में तापमान में काफी उतार- चढ़ाव देखने को मिल रहा है. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान सोनीपत में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा भिवानी में तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस और हिसार में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. कोहरे और नमी के कारण सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है.
आगे जाने मौसम का हाल
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हरियाणा में आने वाले दिनों में धुंध बढ़ने की संभावना है, जिसके चलते प्रदेश में धुंध का येलो अलर्ट किया है. वहीं, एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 22 से 24 जनवरी के बीच राज्य के कई इलाकों में बूंदाबांदी होने की संभावना है. 24 जनवरी की रात को फिर एक पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है, जिससे 25 जनवरी को राज्य के अधिकतर स्थानों में बादल गरजने के साथ तेज बारिश हो सकती है.
इस दौरान तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है और हल्की से मध्यम गति की ठंडी हवाएं चलने की संभावना है. इसके अलावा इन दिनों धुंध बढ़ने की संभावना भी बन रही है. हालांकि पिछली मौसम प्रणाली की वजह से हरियाणा, एनसीआर में तापमान में बढ़ोतरी हुई है, जिससे ठंड का असर कम हुआ है, लेकिन वर्तमान में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से फिर से बारिश के साथ ठंड के तीखे तेवर देखने को मिलेंगे.
