नई दिल्ली | राजस्थान के कोटा संभाग के लोगों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. बता दें कि जल्द ही दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोटा से दिल्ली के बीच वाहनों का आवगमन शुरू होने वाला है. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) का उद्देश्य है कि जनवरी महीने के अंत तक शेष कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा जिससे कोटा संभाग के लोगों को दिल्ली तक सीधा संपर्क मिल सकेगा.

लाखेरी और सवाई माधोपुर के बीच निर्माण कार्य अंतिम चरण पर है, जल्द ही यह कार्य पूरा हो जाएगा और फरवरी महीने से वाहन सीधे इस रोड़ से रफ्तार पकड़ सकेंगे.
दिल्ली से कोटा की दूरी
एक्सप्रेसवे पर रास्ता शुरू होने से कोटा संभाग के लोगों की समय की बचत के साथ-साथ यात्रा भी अधिक सुरक्षित और सरल हो जाएगी. वर्तमान में कोटा से दिल्ली पहुंचने में लगभग 9 घंटे का समय लगता है लेकिन एक्सप्रेसवे की शुरुआत होने के बाद यह सफर सिर्फ 5 घंटे में पूरा हो जाएगा. इसके अलावा, एक्सप्रेसवे की दूसरे सिरे झालावाड़ की ओर भी कार्य तेजी से चल रहा है. मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व से गुजरने वाली दरा टनल का कार्य भी मार्च तक पूरा होने की संभावना है. यह टनल योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है क्योंकि इससे झालावाड़ और आसपास के क्षेत्रों में जुड़ाव बेहतर होगा.
व्यापार व रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर
दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे का यह हिस्सा कोटा संभाग के लोगों के लिए विकास का नई राह लेकर आएगा. इससे व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन के क्षेत्र में भी नए अवसर खुलने की संभावना है. सुरक्षित और सरल परिवहन से न केवल यात्रा आसान होगी बल्कि औद्योगिक विकास भी संभव होगा.