फरीदाबाद | औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में जल्द ही 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले की शुरुआत होने जा रही है. बता दें कि यह अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला आत्मनिर्भर भारत की पहचान थीम पर आधारित है इसीलिए इस मेले का नाम बदलकर ‘सूरजकुंड आत्मनिर्भर क्राफ्ट फेस्टिवल’ रखा गया है. यह मेला 31 जनवरी से शुरू होगा और 15 फरवरी तक चलेगा.
सूरजकुंड मेले का उपराष्ट्रपति करेंगे उद्धघाटन
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मेले में मुख्य अतिथि के रूप में आएंगे और मेले का उद्धघाटन करेंगे. इस मेले में मेघालय और उत्तर प्रदेश को थीम स्टेट के रूप में चुना गया है जबकि मिस्र को पार्टनर कंट्री घोषित किया गया है. मेले को लेकर तैयारियां जोरो- शोरों से चल रही है.
बच्चों को खिलौने एवं झूले करेंगे आकर्षित
जहां मेले में लोगों के लिए विशेष फूड स्टॉल, हस्तशिल्प व अन्य कार्यक्रम उनका दिल जीतेंगे. बच्चों के मन को खिलौने, रोमांचक झूले और मनोरंजन पार्क अपनी तरह खींचेंगे. डीसी ने बताया कि श्रेष्ठ शिल्पकारों को कला रत्न, परम्परागत कला मणि, कलानिधि एवं कला श्री पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा.
बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (SCPCR), पंचकूला की ओर से सख्त लहजे में कहा गया कि यदि मेला परिसर में कोई भीख मांगता या खतरनाक गतिविधि करता हुआ पाया गया तो जिला बाल समिति की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
