नई दिल्ली | हरियाणा के रोहतक व बहादुरगढ़ से होकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आवागमन करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां रोहतक रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए एक व्यापक योजना बनाई गई है. इसके तहत न केवल इस सड़क मार्ग को सिक्स लेन किया जाएगा बल्कि 7 प्रमुख चौक-चौराहों पर फ्लाईओवर भी बनाए जाएंगे. इससे ट्रैफिक संचालन सुगम होगा और कम समय में सफर तय किया जा सकेगा.
सफर करने वालों की होगी बल्ले- बल्ले
नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने बताया कि इन जगहों पर फ्लाईओवर बनने के बाद टिकरी बॉर्डर की ओर जाने वाले वाहन बिना किसी रूकावट के सीधे निकल सकेंगे जबकि मुड़ने वाले वाहन फ्लाईओवर के नीचे से यू-टर्न ले सकेंगे. इस परियोजना के अनुरूप डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं और 6 महीने के भीतर इसके तैयार होने की संभावना है.
बता दें कि गत वर्ष अक्टूबर महीने तक दिल्ली में रोहतक रोड के रख-रखाव की जिम्मेदारी दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग के पास थी लेकिन नवंबर महीने में पंजाबी बाग अंडरपास से टिकरी बॉर्डर तक साढ़े 18 किलोमीटर लंबे हिस्से को NHAI को सौंप दिया गया है. वर्तमान में यह सड़क मार्ग फोरलेन हैं. लेकिन अब इस सड़क को सिक्स लेन में अपग्रेड किया जाएगा.
NHAI ने इस सड़क मार्ग के एक हिस्से को एलिवेटेड बनाने पर भी विचार किया था लेकिन मेट्रो की ग्रीन लाइन इसमें बाधा बन गई. मेट्रो लाइन सड़क के सेंट्रल वर्ज पर होने के कारण क्रॉसिंग को सिग्नल फ्री करने के लिए फ्लाईओवर निर्माण ही विकल्प हैं. हर फ्लाईओवर की लंबाई अलग-अलग रहेगी जो 400 मीटर से लेकर 1.25 किलोमीटर तक हो सकती है.
इन इलाकों की होगी मौज
इस परियोजना के धरातल पर अमलीजामा पहनने से उत्तर- पश्चिमी और पश्चिमी दिल्ली के न्यू मुल्तान नगर, पीतमपुरा, त्रिनगर, मादीपुर, पश्चिम विहार, वेस्ट पीरागढ़ी, उद्योग नगर, नांगलोई, राजधानी पार्क, मुंडका और घेवरा की लाखों की आबादी को राहत पहुंचेगी.
