महेंद्रगढ़ | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा बस में यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अब श्रद्धालुओं की भारी डिमांड को पूरा करते हुए नारनौल से राजस्थान के चुरू में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सालासर बालाजी के लिए सीधी बस सेवा की शुरुआत की गई है.
स्थानीय बीजेपी विधायक ओमप्रकाश यादव ने इस बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने बस में सवार श्रद्धालुओं को इस खुशी में लड्डू खिलाकर सबका स्वागत किया.
बस में सफर करने का उठाएं आनंद
नारनौल रोडवेज के जीएम देवदत्त ने बताया कि लोगों की मांग पर सालासर बालाजी धाम के लिए सीधी बस सेवा की शुरुआत की गई है. यह बस रोजाना दोपहर 02.30 बजे नारनौल से रवाना होकर शाम करीब 7 बजे सालासर बालाजी धाम पहुंचेगी. रात्रि ठहराव के बाद यह बस अगली सुबह वापस नारनौल के लिए रवाना हो जाएगी. श्रद्धालु रात को दर्शन कर सुबह इसी बस से वापस घर लौट सकेंगे.
उन्होंने बताया कि सालासर बालाजी के लिए शुरू की गई इस बस में प्रति व्यक्ति यात्री किराया 215 रुपए निर्धारित किया गया है. अभी तक नारनौल से सालासर बालाजी धाम जाने के लिए कोई सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी जिससे यात्रियों को बार-बार वाहन बदलने पड़ते हैं. इसमें समय और किराया ज्यादा लगता है और साथ ही बार- बार बस बदलने का झंझट भी रहता था लेकिन अब इस बस सेवा के शुरू होने से तमाम परेशानियों से छुटकारा मिल जाएगा.
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि इस तरह की सेवाएं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ- साथ आमजन की सुविधा बढ़ाने में भी मददगार साबित होगी. श्रद्धालुओं की लंबे समय से यह मांग थी जो अब जाकर पूरी हो गई है. यदि श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा रहती है तो रोडवेज विभाग को निर्देश देकर एक और अतिरिक्त बस सेवा को शुरू कर दिया जाएगा.
