फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद में 31 जनवरी यानी आज से सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले का आयोजन हो रहा है जो 15 फरवरी तक चलेगा. इस मेले में दिल्ली सहित NCR क्षेत्र से बड़ी संख्या में पर्यटक शिरकत करेंगे जिसको देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्पेशल बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया है.
सूरजकुंड मेले में आने के लिए बसों का होगा संचालन
दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले को सबसे बड़े सांस्कृतिक और हस्तशिल्प मेले में से एक माना जाता है जिसमें हर साल लाखों घरेलू और इंटरनेशनल आगंतुकों, कारीगरों, परिवारों और पर्यटक शिरकत करते हैं. इसलिए लोगों की बड़ी भीड़- भाड़ को देखते हुए दिल्ली परिवहन विभाग (DTC) द्वारा 31 जनवरी से 15 फरवरी तक स्पेशल दो इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने का फैसला लिया है जो बदरपुर बॉर्डर मेट्रो स्टेशन से सूरजकुंड मेला परिसर तक लगभग 4 किलोमीटर का सफर तय करेगी.
उन्होंने बताया कि यह बसें बदरपुर मेट्रो स्टेशन, बदरपुर बॉर्डर, राजीव गांधी स्टेडियम, प्रहलादपुर, सूरजकुंड चौक और मानव रचना स्कूल से होते हुए सूरजकुंड मेला परिसर का सफर तय करेगी. चूंकि, मेला परिसर हरियाणा सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है इसलिए DTC ने सुचारू इंटर- स्टेट बस संचालन सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा परिवहन विभाग के साथ औपचारिक रूप से तालमेल किया है.
पूरे दिन मिलेगा बस सेवा का लाभ
परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि यह बसें बदरपुर बॉर्डर मेट्रो स्टेशन से सूरजकुंड मेला परिसर तक लास्ट- माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी. इन इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों को वातानुकूलित आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा तो वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी. यह बसें सुबह 10 बजे से दोपहर 02.55 बजे तक बदरपुर बॉर्डर मेट्रो स्टेशन से सूरजकुंड मेला परिसर तक कई चक्कर लगाएगी.
