चंडीगढ़ | सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में स्थित PGI एक बार फिर सुर्खियों में बनी हुई है. यहां बनाए गए साइंटिफिक सपोर्ट ग्रुप (SSG) की एक खास पहल केंद्र सरकार से जमकर सराहना बटोर रही है. बता दें कि चंडीगढ़ PGI ने तंबाकू की जांच करने वाली लैब के लिए गुड लेबोरेटरी प्रैक्टिस (GLP) पर एक सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया है, जो दुनिया का पहला ऐसा कोर्स होगा, जो विशेष तौर पर तंबाकू जांच लैब के लिए बनाया गया है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि इस नए कोर्स से तंबाकू जांच लैब में काम करने वाले लोगों को सही तरीके से जांच करने का प्रशिक्षण मिलेगा. इससे तंबाकू से जुड़ी नीतियां बनाने में भी सही और भरोसेमंद जानकारी हासिल हो सकेगी.
हानिकारक तत्वों की होगी उचित जांच
चंडीगढ़ PGI के प्रोफेसर और SSG के संयोजक डॉ सोनू गोयल ने बताया कि इस कोर्स के लिए देश के बड़े संस्थानों के साथ मिलकर नियम और गाइडलाइंस बनाई गई है. इससे तंबाकू के उत्पादों में मौजूद हानिकारक तत्वों की सही और सटीक जांच हो सकेगी.
उचित इलाज मिलने की जगेगी उम्मीद
उन्होंने बताया कि इस कोर्स से देश की मौजूदा चार राष्ट्रीय तंबाकू जांच लैब को मजबूती प्रदान होगी और आगे नई लैब को इसी तर्ज पर तैयार करने में सफलता मिलेगी. इस कोर्स में सरल भाषा में पढ़ाई, ग्रुप चर्चा और उदाहरणों के जरिए सीखाया जाएगा ताकि लैब में कार्यरत लोगों को सीधा फायदा पहुंचे. इससे धुम्रपान से पीड़ित रोगियों को समय पर उचित इलाज मिलने की दिशा में एक नई उम्मीद जगेगी.
