नई दिल्ली | भारत सरकार ने कैब सेवाओं के संचालन के तरीके में बड़ा बदलाव करते हुए भारत टैक्सी नाम से एक नई एप को लॉन्च किया है. यह सेवा दिल्ली और गुजरात के कुछ शहरों में शुरू हो गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिल्ली में इस एप को लॉन्च किया गया है.
उन्होंने बताया कि यह सेवा वर्तमान Ola- Uber जैसे प्लेटफॉर्म से बिल्कुल अलग है और इसका उद्देश्य ड्राइवरों को प्राथमिकता देना है. इसके अलावा, उन्होंने कहा कि इसमें ड्राइवरों से कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा. मंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ड्राइवरों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और सहकारिता के सिद्धांत को बढ़ावा देना है.
‘भारत टैक्सी’ क्या है?
भारत टैक्सी एक सहकारी मॉडल पर आधारित है, जिसका अर्थ है कि कैब का मालिक ड्राइवर ही होगा. इसकी स्थापना जून महीने में 300 करोड़ रुपए से हुई है. भारत टैक्सी एप आधारित यह सेवा डिजिटल इंडिया का हिस्सा है.भारत टैक्सी का दावा है कि इसका किराया मौजूदा बाजार दरों से करीब 30 फीसदी तक कम होगा. इसके लिए एक संचालन परिषद होगी, जिसमें अमूल के MD जयेन मेहता चैयरमैन और NCDC के उप प्रबंधक निदेशक रोहित गुप्ता वाइस चैयरमैन है. इसके अलावा अन्य 8 सदस्य शामिल है, जो देश के विभिन्न सहकारी समितियों से जुड़े हुए है.
‘भारत टैक्सी’ के फायदे
भारत टैक्सी सेवा को वर्तमान में दिल्ली और गुजरात में शुरू किया गया है. भारत टैक्सी से ड्राइवरों को पूरा किराया मिलेगा, उन्हें किसी तरह का कमीशन देने की जरूरत नहीं होगी. इसके साथ ही वे टैक्सी के खुद मालिक होंगे और उन्हें हेल्थ एवं एक्सिडेंट इंश्योरेंस जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी मिलेगी.
यात्रियों के लिए अच्छी बात यह होगी कि उन्हें पीक आवर्स के दौरान ज्यादा किराया नहीं देना होगा. इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ‘ सारथी दीदी ‘ जैसी फीचर भी बनाया गया है. इसके साथ ही इसे डाउनलोड करना भी आसान है, यह ओला – उबर जैसी ही है. यह एप विभिन्न भाषाओं जैसे हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती और मराठी में होगा.
