नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक और नई अपडेट सामने आई है. बता दें कि दिल्ली मेट्रो से रोजमर्रा के कामों के लिए रोजाना लाखों की संख्या में लोग आवागमन करते हैं. हाल ही में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार ने एक मेट्रो स्टेशन के नाम में बदलाव किया था और अब एक और मेट्रो स्टेशन का नाम बदल दिया गया है.
मधुबन चौक से होगी नई पहचान
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार की स्टेट नेमिंग अथॉरिटी (SNA) की सिफारिश के बाद, पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन के नाम में बदलाव किया गया है. लोग लंबे समय से इस मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने की मांग उठा रहे थे. अब इस स्टेशन को मधुबन चौक के नए नाम से जाना जाएगा.
दिल्ली सरकार की मंजूरी के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने इस मेट्रो स्टेशन पर साइनबोर्ड और इन्फॉर्मेशन बोर्ड अपडेट कर दिए हैं. दिल्ली सरकार ने इस स्टेशन का नाम बदलकर मधुबन चौक करने का कारण बताते हुए कहा कि यह स्टेशन आउटर रिंग रोड पर मधुबन चौक के नजदीक स्थित है.
SNA दिल्ली सरकार की एक गैर-संवैधानिक संस्था है जो दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अंदर सड़कों, पार्कों, कॉलोनियों और अन्य संस्थानों का नाम रखने और बदलने के लिए जिम्मेदार है.
भगवान श्रीराम से होगी नई पहचान
दिल्ली के पूर्वी हिस्से में स्थित मयूर विहार पॉकेट- 1 मेट्रो स्टेशन का नाम अब बदल दिया गया है. अब यह स्टेशन ‘श्रीराम मंदिर मयूर विहार’ के नाम से जाना जाएगा. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने जानकारी देते हुए बताया है कि मयूर विहार इलाके में पहले से ही मयूर विहार पॉकेट- 1 और मयूर विहार Phase- 1 नाम के दो मेट्रो स्टेशन मौजूद थे.
ऐसे में नाम काफी मिलते-जुलते होने की वजह से यात्रियों को अक्सर भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ता था. इसी समस्या को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कई नेताओं ने DMRC से मयूर विहार पॉकेट- 1 मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने की मांग की थी जिसके बाद यह फैसला लिया गया है और इस स्टेशन का नाम बदलकर ‘श्री राम मंदिर मयूर विहार’ रखा गया है.
