फरीदाबाद | हरियाणा में सड़क नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. शहरों की भीड़- भाड़ से बचाने के लिए नए हाइवे और एक्सप्रेसवे का जाल बिछाया जा रहा है. इसी कड़ी में दिल्ली- NCR में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने के लिए दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे को नोएडा से सीधी कनेक्टिविटी देने की योजना बनाई गई है.

नए बाईपास का होगा निर्माण
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे को नोएडा से जोड़ने के लिए तिगांव में बाईपास निर्माण योजना पर काम शुरू कर दिया गया है. इस प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने से फरीदाबाद से भी नोएडा जाने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. इस योजना को मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा गया है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा
बता दें कि साल 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने तिगांव में MITC की नहर के साथ बाईपास निर्माण का ऐलान किया था. तिगांव के अंदर फिलहाल जो सड़क हैं, उसकी चौड़ाई सिर्फ 33 फीट हैं. अब यमुना पर मंझावली पुल बनकर तैयार हो चुका है और उत्तर प्रदेश की सीमा में सड़क निर्माण कार्य चल रहा है. उन्होंने बताया कि UP की सीमा में सड़क निर्माण के बाद ही दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे और नोएडा के बीच मंझावली पुल के जरिए सीधी आवाजाही शुरू हो जाएगी जिसके बाद 33 फीट चौड़ी सड़क पर ट्रैफिक दबाव बढ़ जाएगा. इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए नए बाईपास का निर्माण किया जाएगा.
नहर का मालिकाना हक MITC विभाग का है. इसकी कागजी प्रक्रिया अब शुरू हो गई है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद सिंचाई विभाग को नहर की भूमि दे दी जाएगी. इसके बाद, सिंचाई विभाग इस भूमि को PWD को दे देगा. जिसके बाद विभाग अपना काम शुरू कर दे देगा. फिर योजना को धरातल पर अमलीजामा पहनाने में ज्यादा समय नहीं लगेगा- कृष्णपाल गुर्जर, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री