चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने रोडवेज विभाग के इन ड्राइवर्स को बड़ी राहत प्रदान की है. परिवहन विभाग में साल 2002 में अनुबंध आधार पर लगे ड्राइवर्स को अब नियुक्ति तिथि से ही पक्का किया जाएगा. प्रदेश सरकार ने 14 जनवरी का आदेश वापस ले लिया है जिसमें सभी 347 चालकों को साल 2006 से नियमित किया गया था. इन्हें पुरानी पेंशन योजना के साथ फैमिली पेंशन योजना का भी लाभ मिलेगा.
परिवहन निदेशालय की ओर से इस संबंध में सभी रोडवेज महाप्रबंधकों और वरिष्ठ यांत्रिक अभियंता मंत्री कार अनुभाग एवं राजकीय केंद्रीय कर्मशाला को निर्देश जारी कर दिया गया है.
पक्की मानी जाएगी नौकरी
इससे पहले विगत जनवरी में हरियाणा राज्य परिवहन विभाग के विभिन्न अदारों में साल 2002 से संविदा आधार पर नियुक्त कार्यरत ड्राइवरों को साल 2006 से नियमित किया गया था. अब उन्हें साल 2002 से उनकी नियुक्ति की प्रारंभिक तिथि से ही नियमित किया जाएगा.
फैमिली पेंशन का मिलेगा लाभ
इन ड्राइवरों की अर्हक सेवा (क्वालीफाइंग सर्विस) की गणना उनकी प्रारंभिक नियुक्ति तिथि साल 2002 से की जाएगी. उन्हें इसके आधार पर एसीपी सहित सभी सेवा- लाभ प्रदान किए जाएंगे. सभी संबंधित ड्राइवरों को पुरानी पेंशन योजना के साथ- साथ फैमिली पेंशन योजना का लाभ भी प्रदान किया जाएगा. इन ड्राइवरों के लिए सामान्य भविष्य निधि (GPF) का नया खाता खोला जाएगा.
यह सभी लाभ दिनांक 31 अगस्त 2024 तक कल्पित (नोशनल) रूप में तथा एक सितंबर 2024 से वास्तविक रूप में प्रदान किए जाएंगे. प्रदेश सरकार के इस फैसले के बाद इन ड्राइवरों ने राहत की सांस ली है.
