चंडीगढ़ | हरियाणा में बुढ़ापा पेंशन को लेकर मचे बवाल के बीच सूबे की नायब सैनी सरकार ने दो बड़े फैसले लिए हैं. पहला, अब हर महीने पेंशन मिलने की तारीख निर्धारित कर दी गई है. दूसरा जिन 70 हजार बुजुर्गो की पेंशन होल्ड की गई थी वो बहाल कर दी गई है. समाज कल्याण विभाग के मंत्री कृष्ण बेदी ने यह जानकारी साझा की है.
हर महीने इस तारीख को मिलेगी पेंशन
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने पुष्टि करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने बुढ़ापा पेंशन सहित अन्य वर्गों को मिलने वाली पेंशन को लेकर बड़ा फैसला लिया है. अब हर महीने की 10 तारीख को पेंशन जारी कर दी जाएगी. उन्होंने बताया कि पेंशन जारी करने के निर्देश के साथ हमारी सरकार ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी स्थिति में पेंशन भुगतान नहीं रोका जाएगा. कोई मामला संदिग्ध भी हो, तब तक पेंशन मिलती रहेगी जब तक यह पूरी तरह साबित न हो जाए कि पेंशन अपात्र तरीके से हासिल की जा रही है.
परिवार पहचान पत्र के स्टेट कोऑर्डिनेटर सतीश खोला ने बताया कि नवंबर महीने की होल्ड पेंशन शनिवार को रिलीज कर दी गई है. दिसंबर महीने की पेंशन का स्टेटस 2- 3 दिन बाद होगा. उन्होंने बताया कि बढ़ी हुई पेंशन का लाभ नवंबर 2025 से मिलेगा. पेंशन की राशि 16 फरवरी तक जारी कर दी जाएगी. एरियर के रूप में तीन महीने की 200 रुपए की बढ़ोतरी के हिसाब से 600 रुपए जारी किए जाएंगे.
CM ने दिए सख्त निर्देश
सीएम नायब सैनी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि उनकी अनुमति के बिना किसी भी बुजुर्ग की पेंशन न रोकी जाए. यदि किसी लाभार्थी की पात्रता संदिग्ध लगें तो मोबाइल पर मैसेज भेज कर कारण बताया जाए और उसे अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाए. यदि दस्तावेज अधूरे हैं तो जमा कराने के निर्देश दे. यदि जरूरत पड़े तो अधिकारी स्वयं बुजुर्ग के घर जाएं पर पेंशन का भुगतान जारी रखें.
