चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने एवं नियमित रूप से अवसंरचना को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. इसके लिए 53.21 करोड़ रुपए की मंज़ूर राशि से 28 मोबाइल खाद्य टेस्टिंग लेबोरेटरी वैन लगाना और करनाल में जिला खाद्य लेबोरेटरी को मॉडर्न बनाना शामिल रहेगा.
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल प्रदेश की जनता के लिए तेज, साइंटिफिक और आसानी से मिलने वाली खाद्य टेस्टिंग सर्विस को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी.
बड़े स्तर पर होगा नवीनीकरण
डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि करनाल में जिला खाद्य टेस्टिंग लेबोरेटरी को राज्य बजट से 90.29 लाख रुपए और फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्डस ऑथोरिटी ऑफ इंडिया से 50 लाख रुपए के एक्स्ट्रा बजट से बड़े स्तर पर नवीनीकरण किया जा रहा है. इसमें लेबोरेटरी की क्षमता मजबूत करने के लिए साढ़े 10 लाख रुपए खर्च कर 47 मॉडर्न लेबोरेटरी उपकरण शामिल किए गए हैं.
उन्होंने बताया कि हरियाणा मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से 4.63 करोड़ रुपए के उपकरण खरीद को मंजूरी दी गई है. इसके अलावा करनाल लेबोरेट्री को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्डस ऑथोरिटी ऑफ इंडिया से करीब 4 करोड़ रुपए की लागत राशि से एक डेडिकेटिड माइक्रोबायोलॉजी सेक्शन के साथ अपग्रेड किया गया है.
माइक्रोबायोलॉजी लैब की मिलेगी सौगात
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि एनसीआरपीबी चंडीगढ़ में एक माइक्रोबायोलॉजी लैब बनाने का काम अगले महीने तक पूरा कर लिया जाएगा. इस प्रोजेक्ट पर 4.44 करोड़ रुपए की लागत आई है. चंडीगढ़ में फूड लैब के नवीनीकरण कार्य को पूरा कर लिया गया है और लैबोरेट्री को तीन हाई- एंड उपकरणों के साथ अपग्रेड किया गया है.
उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ और करनाल में स्थित 2 नोटिफाइड फूड टेस्टिंग लैब फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्डस एक्ट व 2006 के सेक्शन 43(1) के तहत एनएबीएल से fssai से मान्यता प्राप्त है. हरियाणा में दूध और डेयरी उत्पादन को खाने का एक बड़ा हिस्सा माना जाता है और देश- विदेश में हरियाणा की पहचान खिलाड़ियों की नर्सरी के रूप में होती है. उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में हाई- क्वालिटी फूड स्टैंडर्डस को मजबूत करने के लिए अलग- अलग चरणों में 8 स्टेट ऑफ द आर्ट फूड टेस्टिंग लैब बनाई जाएगी.
