हिसार | हरियाणा में खाटूश्याम श्रद्धालुओं के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. खाटूश्याम धाम पर आयोजित हो रहे वार्षिक फाल्गुनी मेले को देखते हुए रेलवे द्वारा आंशिक रूप से रद्द की गई ट्रेनों के फिर से संचालन को हरी झंडी दिखा दी गई है. इनमें किसान एक्सप्रेस 23 फरवरी से 3 मार्च तक तथा 26 फरवरी से अगरतला-फिरोजपुर कैंट ट्रेन शामिल हैं.
श्रद्धालुओं को मिला स्पेशल ट्रेन का तोहफा
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन नंबर 04721, हिसार- जयपुर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 25- 28 फरवरी तक हिसार से शाम 05.50 बजे रवाना होकर रात 1 बजे जयपुर पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 04722, जयपुर- हिसार अनारक्षित स्पेशल ट्रेन इसी समयावधि में जयपुर से दोपहर 02.50 बजे रवाना होकर रात 10.25 बजे हिसार पहुंचेगी.
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सिवानी, सादुलपुर, रामपुरा बेरी, लोहारू, सूरजगढ़, चिडावा, रतन शहर, झुंझुनूं, डूंडलोद मुकुंदगढ़, नवलगढ़, सीकर, पलसाना, रींगस, गोविन्दगढ़ मलिकपुर, चौमू सामोद व ढेहर का बालाजी स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इस ट्रेन में यात्रियों को 10 जनरल कोच की सुविधा मिलेगी.
निर्धारित शेड्यूल पर चलेंगी यह ट्रेन
- अमित सुदर्शन ने बताया कि उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल पर दिल्ली किशनगंज स्टेशन पर न्यू इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग पैनल के लिए नॉन- इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा था, जिसे अब स्थगित कर दिया गया है. इस कार्य के स्थगित होने के कारण प्रभावित ट्रेनों के दोबारा संचालन को हरी झंडी दिखाई गई है.
- उन्होंने बताया कि दोबारा संचालन की गई रेलगाड़ियों में ट्रेन नंबर 14619, अगरतला- फिरोजपुर कैंट एक्सप्रेस ट्रेन 26 फरवरी को एक ट्रिप अपने निर्धारित मार्ग व संचालन समय- सारणी के हिसाब से संचालित होगी.
- आंशिक रूप से रद्द की गई ट्रेन नंबर 14731/32, दिल्ली- भटिंडा- दिल्ली 23 फरवरी से 3 मार्च तक अपने निर्धारित रूट एवं संचालन समय- सारणी के हिसाब से संचालित होगी.
