नूंह | हरियाणा के अति पिछड़े जिलों में शुमार नूंह से खिलाड़ियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति से जूझ रहे 6 राजीव गांधी खेल स्टेडियमों की अब तस्वीर बदलने जा रही है. सरकार इन खेल स्टेडियमों का कायाकल्प करने पर लगभग 1.50 करोड़ रुपए खर्च करेगी. इस बजट राशि से इन खेल स्टेडियमों की मरम्मत का बुनियादी ढांचा मजबूत किया जाएगा ताकि खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें. लोक निर्माण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सभी 6 स्टेडियमों के जीर्णोद्धार के लिए एस्टीमेट बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. सरकार की ओर से बजट राशि जारी हो चुकी है.
पूर्व की कांग्रेस सरकार के शासनकाल में नूंह के अलग- अलग गांवों में राजीव गांधी खेल स्टेडियमों का निर्माण किया गया था लेकिन लंबे समय से इन स्टेडियमों की देखरेख नहीं होने के चलते वर्तमान में ये बिल्कुल जर्जर हालत में पहुंच चुके हैं. चारदीवारी से लेकर धरातल और छत को मरम्मत कार्य की दरकार है. यह मामला पिछले दिनों कई प्रमुख न्यूज चैनलों ने उठाया था जिसके बाद खेल विभाग द्वारा इसपर संज्ञान लिया गया है.
इन स्टेडियमों का होगा जीर्णोद्धार
अब प्रदेश सरकार द्वारा जिले के पिनगवां, नगीना, फिरोजपुर झिरका के नवाब शमशुद्दीन खेल स्टेडियम, कामेडा गांव के खेल स्टेडियम, तावड़ू के कोटला खंडेलवा और झामूवास के खेल स्टेडियम के जीर्णोद्धार की योजना तैयार की गई है. इस योजना के तहत, दीवारों, फर्श और छत्तों की मरम्मत की जाएगी. अन्य कमियों को पूरा किया जाएगा. खेल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में खेल स्टेडियमों का निरीक्षण किया जा रहा है और जहां पर जो भी कमी है उसको पूरा करने के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है.
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
खेल स्टेडियमों के जीर्णोद्धार की सूचना मिलने पर जिले के खिलाड़ियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देर- सवेर ही सही, सरकार ने स्टेडियमों की हालत सुधारने का बीड़ा उठाया है. नूंह जिले में खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है. यदि उन्हें खेल के लिए अच्छे स्टेडियम और बुनियादी सुविधाएं मिले तो यहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं. खिलाड़ियों ने इन स्टेडियमों में खेल कोचों की नियुक्ति की मांग पूरा करने का भी आग्रह किया है.
