यमुनानगर | हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र से यमुनानगर जिले से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. सदन में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पूर्व शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर का जिक्र करते हुए यमुनानगर की जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के छछरौली की आबादी को बड़ी राहत प्रदान की है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि छछरौली की अधिकांश जमीन गैर मुमकिन आबादी के रूप में चिह्नित है और इस जमीन का मालिकाना हक 1887 से सरकार के पास है. पीढ़ी- दर- पीढ़ी इस जमीन पर लोग बसते चले आ रहे हैं. 2020 तक इन संपत्तियों की रजिस्ट्रियां होती थीं. उसके बाद, रजिस्ट्रियां बंद हो गईं. तकनीकी और कानूनी रूप से लोगों को लगने लगा कि अब संबंधित जमीन पर उनका मालिकाना हक या तो नहीं रहेगा या पूरी तरह से खत्म हो जाएगा.
पूर्व मंत्री की मेहनत लाई रंग
उन्होंने आगे बताया कि छछरौली के लोगों ने कंवरपाल गुर्जर के सामने इस समस्या को रखा था और उन्होंने मुझे इस बात से अवगत कराया था. मुख्यमंत्री ने बताया कि ऐसे सभी परिवारों को असुरक्षित नहीं छोड़ा जा सकता है. ऐसे में हमारी सरकार ने जनभावनाओं और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खबरा नंबर 125, 152 और 134 की समस्त जमीन का मालिकाना हक कब्जाधारियों को देने का फैसला लिया है.
1887 में बसे छछरौली के लोगों की दिक्क्तों को देखते हुए सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए वहाँ के मूल निवासियों को मालिकाना हक देने का फैसला किया है। pic.twitter.com/7UbAn7j4mu
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) February 25, 2026
मुख्यमंत्री का ऐतिहासिक फैसला
हरियाणा सीएम ने बताया कि छछरौली (प्रताप नगर) में संबंधित जमीन पर बसे लोगों के कब्जे के आधार पर उनका विस्तृत रिकॉर्ड जांचा जाएगा. प्रशासन की टीम सर्वे करेगी. रिकॉर्ड के सत्यापन के बाद संबंधित जमीन का मालिकाना हक कब्जाधारियों को प्रदान करने की प्रक्रिया चालू कर दी जाएगी.
मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद छछरौली के लोगों में खुशी का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने कहा कि पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर के जोरदार प्रयासों से 139 साल मालिकाना हक मिलने जा रहा है. सरकार के इस ऐतिहासिक फैसले से हजारों लोगों को राहत पहुंचेगी. स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री नायब सैनी और पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर का आभार व्यक्त किया है.
