फरीदाबाद के इस इलाके में बनेगा नया एलिवेटेड फ्लाईओवर, छू- मंतर हो जाएगा ट्रैफिक जाम

फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में बल्लभगढ़ से एक और अच्छी खबर सामने आई है. यहां 500 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले बल्लभगढ़- पाली एलिवेटेड फ्लाईओवर को सीएम नायब सैनी ने अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है.

Flyover Bridge 2

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन NIT फरीदाबाद से बीजेपी विधायक सतीश फागना द्वारा पूछे गए सवाल पर लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री रणबीर गंगवा ने यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि इस एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण से बड़े स्तर पर ट्रैफिक जाम को कम करने में मदद मिलेगी.

यह रहेगा रूट

PWD मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि कुल 8.2 किलोमीटर लंबा बल्लभगढ़- पाली एलिवेटेड फ्लाईओवर बल्लभगढ़, पाली धौज और सोहना रोड पर विकसित किया जाएगा और साथ ही दोनों साइड 7- 7 मीटर चौड़ी सर्विस रोड़ का भी प्रावधान किया गया है. इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए विभाग की ओर से निजी एजेंसी को हायर किया जाएगा. DPR तैयार करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 105.37 लाख रुपए की धनराशि को मंजूरी दी गई है.

पीक आवर्स में जाम का मकड़जाल

बल्लभगढ़ से सोहना रोड पर खासकर पीक आवर्स के दौरान भयंकर ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. इस सड़क मार्ग पर कई तरह की औद्योगिक इकाइयां बनी हुई है. शाम के समय सेक्टर-23 मोड़, संजय कालोनी मोड़ और सरुरपुर चौक पर अक्सर ट्रैफिक जाम रहता है क्योंकि इन औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारी और भारी वाहन गुरुग्राम जाने के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं.

यह भी पढ़े -  Al-Falah University Faridabad Jobs: फरीदाबाद में इन पदों पर निकली वैंकेसी, जल्दी से करें आवेदन

बल्लभगढ़ फ्लाईओवर से आने वाले वाहन सोहना रोड के रास्ते हार्डवेयर चौक की तरफ भी जाते हैं. बड़े वाहनों को अक्सर यहां ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. सोहना रोड पर कई अस्पताल भी पड़ते हैं इसलिए यहां पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है. अब एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण से संजय कालोनी, सेक्टर- 22, 23, 55, जीवन नगर, गौछी, सरूरपुर और पाली गांव की हजारों की आबादी को राहत पहुंचेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.