अंबाला | रंगों के त्योहार होली पर घर आने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक और अच्छी तरह सामने आई है. बता दें कि होली पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा कई प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही है ताकि यात्रियों के लिए घर की डगर आसान हो सकें. इसी कड़ी में पंजाब से वाया हरियाणा और उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार के लिए स्पेशल ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखाई गई है.
यह रहेगा शेड्यूल
ट्रेन नंबर 04664, अमृतसर से पटना 27 फरवरी, 2 मार्च और 5 मार्च को अमृतसर से सुबह 09.45 बजे रवाना होकर दोपहर 02.45 बजे अंबाला कैंट स्टेशन और अगले दिन दोपहर डेढ़ बजे पटना स्टेशन पर आगमन करेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 04665, पटना से 28 फरवरी, 3 व 6 मार्च को शाम 4 बजे पटना से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 03.05 बजे अंबाला कैंट स्टेशन और रात 8 बजे अमृतसर पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में ब्यास, जालंधर सिटी, ढंढारी कलां, सरहिंद, अंबाला कैंट, यमुनानगर- जगाधरी, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, हरदोई, लखनऊ, सुलतानपुर, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर रेलवे स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
अंबाला रेलवे मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि अमृतसर- पटना- अमृतसर होली स्पेशल ट्रेन के आरक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई हैं ताकि होली पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलना आसान हो जाए. साथ ही, यात्रियों से अपील की गई है कि वो बिहार व उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली स्पेशल ट्रेनों की जानकारी एनटीईएस और हेल्पलाइन नंबर 139 पर हासिल कर सकते हैं.
