नई दिल्ली | यमुना को साफ देखना दिल्ली के लोगों का पुराना सपना है, लेकिन शहर के नालों से नदी में पहुंचने वाला गंदा पानी इस राह में बड़ी चुनौती बना हुआ है। अब सरकार ने सीवेज को साफ करने की व्यवस्था बढ़ाकर नदी में प्रदूषण कम करने की तैयारी तेज कर दी है। बता दें कि यमुना को 2029 से पहले स्वच्छ और अविरल बनाने के लक्ष्य के तहत दिल्ली में दो नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने इन परियोजनाओं के लिए 874.49 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। दोनों प्लांट की कुल क्षमता करीब 55 मिलियन गैलन प्रतिदिन (MGD) होगी।

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) की एम्पावर्ड कमेटी ने 12 नवंबर को इन परियोजनाओं को मंजूरी दी। रिठाला में 35 MGD क्षमता का STP 509.54 करोड़ रुपये से बनेगा। वहीं, इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के पास सेन नर्सिंग होम ड्रेन के आउटफाल पर 20 MGD क्षमता का प्लांट 362.95 करोड़ रुपये में स्थापित होगा।
बनेंगे नए STP
रिठाला प्लांट उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के बड़े हिस्से के अपशिष्ट जल को साफ करेगा। वहीं, सेन नर्सिंग होम नाले का गंदा पानी अभी आंशिक रूप से ही रोका जा रहा है। नया प्लांट बनने से इसका अतिरिक्त पानी यमुना में जाने से रोका जा सकेगा। दिल्ली में फिलहाल 814 MGD सीवेज उपचार की व्यवस्था होने का दावा है। इसके बावजूद सीवर नेटवर्क की कमी और कुछ STP में गुणवत्ता संबंधी दिक्कतों के कारण गंदा पानी नदी तक पहुंच रहा है।
1500 MGD क्षमता
दिसंबर 2027 तक पुराने STP के उन्नयन से 56 MGD क्षमता बढ़ाने और 35 विकेंद्रिकृत प्लांट से 170 MGD क्षमता जोड़ने की योजना है। वहीं, वर्ष 2028 तक कुल उपचार क्षमता 1500 MGD करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 328 MGD क्षमता वाले 13 नए STP प्रस्तावित हैं। इन परियोजनाओं पर करीब 7,373 करोड़ रुपये खर्च होंगे और निर्माण अगले तीन वर्षों में पूरा करने की योजना है।