चंडीगढ़ | हरियाणा में मछली पालन को रोजगार का जरिया बनाने वाले अनुसूचित जाति के लोगों के लिए सरकार आर्थिक सहायता दे रही है। इस योजना के तहत तालाब का पट्टा लेने, मछली पालन के लिए खाद-खुराक खरीदने और मछली की बिक्री के लिए जरूरी सामान जुटाने पर अनुदान दिया जाएगा। बता दें कि यह सहायता अलग-अलग मदों के तहत दी जाएगी। इसमें पंचायती तालाबों और सरकारी जलाशयों के पट्टे की राशि से लेकर मछली पकड़ने के ठेके और जाल खरीदने तक के लिए आर्थिक मदद का प्रावधान है।

पहले साल में पट्टा राशि पर 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर या वास्तविक पट्टा राशि का 50 प्रतिशत, जो भी कम हो, अनुदान मिलेगा। इसकी अधिकतम सीमा चार हेक्टेयर पर 2 लाख रुपये प्रति लाभार्थी है।
मिलेगा अनुदान
वहीं, दूसरे से पांचवें वर्ष तक 40 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर या वास्तविक पट्टा राशि का 40 प्रतिशत, जो भी कम हो, दिया जाएगा। इसकी अधिकतम सीमा 1.60 लाख रुपये प्रति लाभार्थी है। यह सहायता केवल पंचायती तालाबों और सरकारी जलाशयों के लिए मान्य होगी। जिले के अधिसूचित नदी, नहर और ड्रेन में मछली पकड़ने के अधिकारों की स्वीकृत बोली का 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। इसकी अधिकतम सीमा 5 लाख रुपये है।
खरीद पर सहायता
खाद-खुराक की कुल लागत 1.50 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर का 60 प्रतिशत या अधिकतम 90 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान मिलेगा। इसकी सीमा चार हेक्टेयर पर 3.60 लाख रुपये प्रति लाभार्थी है। वहीं, 40 हजार रुपये के जाल की खरीद पर 60 प्रतिशत या अधिकतम 24 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। मछली और मछली उत्पाद बेचने के लिए स्टोव, गैस चूल्हा और बर्तनों सहित रेहड़ी खरीदने पर 60 प्रतिशत या अधिकतम 36 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा। इच्छुक अनुसूचित जाति के व्यक्ति योजना का लाभ लेने के लिए अपने जिले के मत्स्य अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।