पलवल | हरियाणा के NCR में शामिल पलवल और नूंह जिले से एक अच्छी खबर सामने आई है. खुशखबरी यह है कि हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर (HORC) प्रोजेक्ट के तहत पलवल के पृथला से नूंह जिले के धुलावट के बीच नई दोहरी रेललाइन के निर्माण को मंजूरी मिल गई है. इस प्रोजेक्ट की आधारशिला साल 2022 में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रखी थी.
इस प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने से न केवल पलवल और नूंह जिले के बीच ट्रेन कनेक्टिविटी मजबूत होगी बल्कि दिल्ली- NCR के बीच लॉजिस्टिक का आवागमन भी बेहद आसान हो जाएगा.
अरावली पहाड़ियों के बीच बनेगी टनल
पलवल जिले से सोनीपत तक हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है. इसमें पलवल स्थित पृथला स्टेशन पर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और इंडियन रेलवे से कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी. यहां दोनों रेल मार्गों का जंक्शन बनाया जाएगा. 126 किलोमीटर से अधिक लंबे इस प्रोजेक्ट में मुख्य रूप से 67 गांवों में 665 हेक्टेयर भूमि पर सिविल कार्य जोरो-शोरों से आगे बढ़ रहा है.
इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 30% कार्य पूरा हो चुका है, जिसके तहत प्रदेश में कई स्थानों पर रेल लाइन बिछाई गई है, लाइन बिछाने के लिए रेलवे ओवरब्रिज बनाए गए हैं. नूंह में अरावली पहाड़ियों के बीच करीब 5 किलोमीटर लंबी डबल टनल बनाने का काम चल रहा है.
सिविल इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना
इस प्रोजेक्ट के तहत केवल नई रेललाइन ही नहीं बिछाई जा रही है बल्कि बड़े स्तर पर सिविल वर्क भी किया जा रहा है. HORC के एक अधिकारी ने बताया कि इस खंड में आधुनिक रेलवे स्टेशनों का निर्माण, जल निकासी के लिए पुलों का जाल और जमीन को मजबूती प्रदान करने के लिए रिटेनिंग वॉल समेत कई महत्वपूर्ण ढांचे तैयार किए जाएंगे.
इस प्रोजेक्ट को अगले साल के आखिर तक पूरा करने का टारगेट रखा गया है. यह प्रोजेक्ट आने वाले समय में माल परिवहन की रीढ़ की हड्डी साबित होगा.
