हिसार | हरियाणा के हिसार जिले से रेलयात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि भारतीय रेलवे (Indian Railways) की ओर से बुधवार यानि कल से हिसार- इंदौर के बीच सीधी ट्रेन सेवा की औपचारिक रूप से शुरुआत हो रही है. हिसार रेलवे स्टेशन पर इसको लेकर एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें सांसद नवीन जिंदल और विधायिका सावित्री जिंदल शिरकत करते हुए इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
पूर्व मंत्री कमल गुप्ता और उनकी पत्नी को इस कार्यक्रम का निमंत्रण तक नहीं दिया गया है जबकि इंदौर कमल गुप्ता की ससुराल पड़ती है.
हिसार- इंदौर सुपरफास्ट ट्रेन का शेड्यूल
ट्रेन नंबर 20957, इंदौर- हिसार प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को शाम 04.45 बजे इंदौर से रवाना होकर अगली सुबह 04.52 बजे दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर आगमन करेगी. इसके बाद, शकूर बस्ती, बहादुरगढ़, रोहतक, महम और हांसी होते हुए सुबह 09.20 बजे हिसार पहुंचेगी.
इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 20958, हिसार- इंदौर ट्रेन प्रत्येक सोमवार, वीरवार और शनिवार को दोपहर 01.20 बजे हिसार से रवाना होकर शाम सवा 6 बजे दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन और अगले दिन सुबह पौने 7 बजे इंदौर पहुंचेगी.
यात्रियों को मिलेगा फायदा
इस ट्रेन के संचालन से हरियाणा और मध्य प्रदेश के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक ट्रेन का विकल्प मिलेगा. अभी तक हिसार, हांसी व महम से मध्यप्रदेश के लिए कोई सीधी ट्रेन सेवा की सुविधा नहीं थी लेकिन अब इस ट्रेन के संचालन से यह कमी पूरी हो जाएगी. इन शहरों से दिल्ली जाने के लिए भी एक अतिरिक्त ट्रेन सेवा का लाभ मिलेगा. हिसार व हांसी से कोटा कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को भी इस ट्रेन के संचालन का फायदा पहुंचेगा.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
इंदौर जंक्शन से रवाना होकर यह ट्रेन बीच रास्ते बड़नगर, रतलाम जंक्शन, खाचरोद, नागदा जंक्शन, शामगढ़, रामगंज मंडी, कोटा जंक्शन, सवाई माधोपुर जंक्शन, भरतपुर जंक्शन, मथुरा जंक्शन, दिल्ली सफदरजंग, शकूरबस्ती, रोहतक जंक्शन, महम, हांसी तथा सातरोड स्टेशनों पर ठहराव करेगी. हिसार से इंदौर वापसी में भी इन्हीं स्टेशनों पर ठहराव रहेगा.
