LPG गैस संकट के बीच हरियाणा में वितरित होगा मिट्टी का तेल, इन परिवारों को मिलेगी प्राथमिकता

चंडीगढ़ | इजरायल व अमेरिका की ईरान के साथ जारी जंग के चलते खाड़ी देशों से आने वाली गैस सप्लाई को लेकर देशभर में चिंता का माहौल बना हुआ है. हरियाणा सरकार द्वारा गैस बुकिंग के नियमों में बदलाव कर दिया गया है. अब दूसरा सिलेंडर 25 दिन के बाद मिलेगा. वहीं, देश के ज्यादातर शहरों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर रोक लगा दी गई है. गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भीड़ देखी जा रही है. संकट की इस घड़ी के बीच केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है.

Mitti Ka Tel

राशन डिपो पर वितरित होगा मिट्टी का तेल

एलपीजी गैस को लेकर मची अफरातफरी के बीच केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत अतिरिक्त केरोसिन तेल (मिट्टी का तेल) आवंटित करने का फैसला लिया है. हरियाणा को 8.76 लाख लीटर केरोसिन तेल मिला है. अब खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा इसके वितरण व्यवस्था की योजना बनाई जाएगी.

मिली जानकारी के अनुसार, राशन डिपो पर केरोसिन तेल वितरण में BPL राशनकार्ड धारकों को प्राथमिकता दी जा सकती है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के बीपीएल परिवारों को इसमें प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है. हरियाणा में ऐसे परिवारों की संख्या का आंकड़ा लगभग 1.60 लाख है. केरोसिन तेल का वितरण राशन डिपो या तेल विपणन कंपनियों के रिटेल आउटलेट के माध्यम से किया जा सकेगा. वितरण की पात्रता और तरीका प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित किया जाएगा.

यह भी पढ़े -  पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में 30 पद अब भी खाली, दो जजों की नियुक्ति के बाद 10 और नामों का इंतजार

केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि केरोसिन तेल का उपयोग केवल खाना पकाने और रोशनी के उद्देश्य से किया जाएगा. यदि पेट्रोल-डीजल में मिलावट या फिर किसी अन्य गलत उद्देश्य से इसका इस्तेमाल किया गया तो उक्त परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

24 घंटे रखी जा रही निगरानी

केंद्र सरकार के निर्देशानुसार सभी राज्यों को आवंटित केरोसिन तेल की पूरी मात्रा 45 दिनों के भीतर उठानी होगी. निर्धारित समय में उठान न होने पर शेष मात्रा सुरक्षित रखी जाएगी. वर्तमान कीमतों में भी किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है. खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने बताया कि एलपीजी गैस के संकट के बीच अफवाह फ़ैलाने वालों की पहचान की जा रही है. विभागीय अधिकारियों द्वारा मांग और आपूर्ति के बीच पूर्ण तालमेल बनाए रखने के लिए 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.