चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार द्वारा बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सभी जिला मुख्यालयों से सिटी बस सेवा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. वर्तमान में यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, रेवाड़ी, गुरुग्राम और हिसार शहरों में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है. अब रोडवेज विभाग ने अन्य बाकी जिला मुख्यालयों पर भी सिटी बस सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इलेक्ट्रिक बसों की खरीद योजना बनाई है.
श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी
इतना ही नहीं, अब दूसरे राज्यों में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों श्री माता वैष्णो देवी, खाटूश्याम, सालासर बालाजी, हरिद्वार और अमृतसर के लिए भी चंडीगढ़, दिल्ली और गुरुग्राम से इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की योजना बनाई है ताकि यात्रियों का सफर आरामदायक हो सकें. स्टूडेंट्स को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 1 हजार नई बसों को खरीदा जाएगा. महिला यात्रियों व छात्राओं के लिए समर्पित 273 बसों की संख्या का आंकड़ा बढ़ाकर 500 यानि दोगुना किया जाएगा.
ग्रुप C व D पदों की नौकरियों के लिए आयोजित होने वाली परीक्षाओं में शामिल युवाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा दी जाएगी. इसके लिए एक वेब पोर्टल बनाया जाएगा जिसके माध्यम से परीक्षार्थी HPSC की परीक्षाओं में मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगे.
इन जगहों पर बनेंगे नए बस स्टैंड
प्रदेश सरकार ने बसों से सफर करने वाले यात्रियों को राहत पहुंचाते हुए गन्नौर, कलायत, कनीना और नरवाना में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए बस स्टैंड के निर्माण का फैसला लिया है. इतना ही नहीं, महिलाओं के नाम पर पंजीकृत गैर- परिवहन वाहनों को मोटर वाहन कर में 1% की अतिरिक्त छूट दी जाएगी.
