दिल्ली से हरियाणा- UP व राजस्थान के शहरों का सफर होगा सुहाना, DTC ने AC बसें चलाने की बनाई योजना

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से आसपास के राज्यों और एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली परिवहन निगम (DTC) द्वारा अंतर्राज्यीय कनेक्टिविटी को और ज्यादा बेहतर बनाने के लिए करीब डेढ़ दर्जन रूटों पर 50 एसी बसों के संचालन की योजना बनाई है. 12 मीटर लंबी इन बसों का संचालन एसोसिएशन ऑफ स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग्स (ASRTU) द्वारा निर्धारित बेंचमार्क दरों के आधार पर किया जाएगा.

Electric Bus

हरियाणा का सफर होगा सुहाना

DTC द्वारा अंतर्राज्यीय परिवहन सेवाओं के विस्तार के तहत पहले ही दिल्ली से बड़ौत (UP) और हरियाणा के धारूहेड़ा, सोनीपत व पानीपत जैसे प्रमुख रूट्स पर इलैक्ट्रिक बसों के संचालन को हरी झंडी दिखाई जा चुकी है.

इंटर स्टेट रूट को और ज्यादा मजबूत करने के लिए नानकसर- दिल्ली- गाजियाबाद बस टर्मिनल, दिल्ली- रेवाड़ी, दिल्ली- करनाल, दिल्ली- रोहतक, दिल्ली- अलवर और दिल्ली- जेवर जैसे रूटों पर भी बस सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई है. इससे इन रूट्स पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों खासकर स्टूडेंट्स और नौकरीपेशा लोगों को राहत पहुंचेगी. वहीं, स्थानीय लोगों को भी बेहतर यातायात सुविधा का लाभ मिलेगा.

धार्मिक स्थलों के लिए चलेगी स्पेशल बसें

दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करने की योजना बनाई गई है. इसी पहल के तहत दिल्ली से श्री माता वैष्णोदेवी कटरा, राजस्थान के सालासर बालाजी व खाटूश्याम और UP में भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या के लिए नई बस सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है. इन लंबे रूटों पर वातानुकूलित बसों का संचालन किया जाएगा ताकि यात्रियों का सफर आरामदायक हो सकें.

यह भी पढ़े -  हरियाणा शिक्षा विभाग में विवाद, गेस्ट टीचर्स के नियमितीकरण पर हाईकोर्ट में नया मोड़

उन्होंने आगे बताया कि दिल्ली- NCR में बड़ी संख्या में रहने वाले पूर्वांचली प्रवासियों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली से बिहार के बीच अंतर्राज्यीय बस कनेक्टिविटी शुरू करने पर विचार किया जा रहा है. इस संबंध में जल्द ही दोनों राज्यों के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.