नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली- एनसीआर में हाइवे पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने 1 अप्रैल से कई प्रमुख एक्सप्रेसवे और हाईवे पर टोल टैक्स बढ़ाने का फैसला किया है. इसमें दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और NH 9 शामिल है.
हर साल की तरह नए वित्तीय वर्ष (2026- 27) की शुरुआत से टोल दरों में बदलाव किया जा रहा है. यह बढ़ोतरी आमतौर पर सड़क रखरखाव, निर्माण और संचालन खर्च को ध्यान में रखकर की जाती है.
कितना महंगा होगा हाइवे पर सफर
वर्तमान में दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेसवे पर सराय काले खां से मेरठ तक कार और जीप की टोल दरें 170 रुपए है और हल्के व्यवसायिक वाहन का एक तरफ का मेरठ तक का टोल 275 रुपए है. बस- ट्रक की टोल दरें 580 रुपए है. NH 9 पर कार, जीप की मौजूदा दरें 175 रुपए, हल्के कॉमर्शियल वाहनों की 280 रूपए और बस-ट्रक की दर 590 रुपए है. NHAI के निदेशक अरविंद कुमार ने बताया कि टोल दरों में 5% की बढ़ोतरी की जाएगी.
हर साल होता है संशोधन
NHAI के नियमों के अनुसार, टोल दरों की समीक्षा हर साल की जाती है. यह बढ़ोतरी महंगाई दर (WTP) और सड़कों के रखरखाव व संचालन लागत को ध्यान में रखकर तय की जाती है. वही टोल बढ़ने से रोजाना आने- जाने लोगों का खर्च बढ़ेगा और ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से सामान की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है.
NHAI द्वारा FASTag एनुअल पास की कीमत में भी बढ़ोतरी की गई है, जहां पहले 3 हजार में पास बनता था, अब उसकी कीमत 3075 रुपए कर दी गई है.
