चंडीगढ़ | हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) द्वारा सब्जेक्ट नॉलेज के लिए जो 35% अंक लेना अनिवार्य किया गया है उसे लेकर युवाओं में काफी रोष है. युवाओं का कहना है कि इसी क्राइटेरिया की वजह से युवा कामयाब नहीं हो पा रहे हैं. यही वजह है कि काफी सारे युवा सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट में फेल हो रहे हैं. बहुतकनीकी शिक्षण संस्थानों में विभिन्न विषयों के लेक्चरर के पदों को भरने के लिए आयोजित तीन भर्तियों में मात्र चार युवाओं को कामयाबी मिली है.
फिर से छिड़ा विवाद
आटोमोबाइल इंजीनियरिंग और इंस्टूमेंटेशन एंड कंट्रोल इंजीनियरिंग के लेक्चरर पद के लिए कोई भी युवा कामयाब नहीं हुआ व सभी युवा असफल रहे. लेक्चरर इन मेडिकल लेबोरेट्री टेक्नालाजी के पदों की परीक्षा में मात्र चार अभ्यर्थी कामयाब रहे हैं. HPSC की तरफ से सब्जेक्ट नालेज टेस्ट का रिजल्ट जारी होने के साथ ही भर्तियों पर एक बार फिर विवाद शुरू हो गया है.
2024 में जारी हुआ था विज्ञापन
एचपीएससी द्वारा तकनीकी शिक्षा विभाग में लेक्चरर के विभिन्न पदों के लिए साल 2024 में भर्ती विज्ञापन जारी किया था. विभाग ने लेक्चरर इन मेडिकल लेबोरेट्री टेक्नालाजी के लिए 32 पद, लेक्चरर इन आटोमोबाइल इंजीनियरिंग में 15 पद व इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल इंजीनियरिंग के 20 पदों पर भर्ती निकाली थी. अभ्यर्थियों ने तर्क पेश किया है कि सब्जेक्ट नालेज टेस्ट में 35 प्रतिशत का क्राइटेरिया निर्धारित किया गया है, जिसके चलते युवा मुख्य परीक्षा में फेल हो रहे हैं.
