हिसार | वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि हिसार शहर के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक घोड़ा फार्म रोड रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के डिजाइन को लेकर चल रहा विवाद अब सुलझता नजर आ रहा है. लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा अब ROB के डिजाइन में बड़े बदलाव किए गए हैं.

जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
अब पुल पर पहले की तुलना में घुमाव कम होगा. इससे वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा दोनों बढ़ जाएगी. संशोधित डिजाइन को मुख्यालय भेज दिया गया है, जहां से हरी झंडी मिलते ही निर्माण कार्य गति पकड़ेगा. पुराने डिजाइन में सबसे बड़ी खामी 22 डिग्री का तीखा मोड़ था.
इस कर्व के कारण पुल पर वाहनों की गति सीमा अधिकतम 25 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई थी. विशेषज्ञों और स्थानीय स्तर पर उठी आपत्तियों के बाद रेलवे पोर्शन पर थोड़ा- थोड़ा घुमाव देकर इस खतरनाक मोड़ को कम कर दिया गया है. 12 मीटर चौड़े इस ROB की लंबाई करीब 890 मीटर होगी जो शहर का दूसरा सबसे लंबा ROB होगा. फिलहाल सूर्य नगर ROB शहर का सबसे लंबा ROB है. इसकी लंबाई 1185 मीटर है.
लोगों को मिलेगी राहत
घोड़ा फॉर्म रेलवे फाटक पर ROB बनने से ऋषि नगर एरिया, सेक्टर- 14, सेक्टर- 14 पार्ट- 2 व सेक्टर- 33 के निवासियों को फायदा होगा. इस बाईपास से रोजाना हजारों की संख्या में वाहन गुजरते हैं, जिन्हें फाटक बंद होने पर इंतजार करना पड़ता है. ऐसे में ROB निर्माण से उन्हें राहत पहुंचेगी.
डिजाइन में बदलाव करके मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा गया है. ROB के ऊपर बन रहे मोड़ को कम किया गया है ताकि ट्रैफिक सही तरीके से आवागमन कर सके. मंजूरी मिलते ही निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा- अजीत सिंह, एसई, बीएंडआर विभाग