गुरुग्राम | ऐतिहासिक और वीआईपी स्थलों पर शादी करने की सोच रहे लोगों को हरियाणा सरकार ने बड़ी सौगात दी है. बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बतौर वित्त मंत्री 2026- 27 का बजट पेश करते हुए प्रदेश के 3 शहरों पिंजौर, खरखौदा और गुरुग्राम में आधुनिक वेडिंग सिटी विकसित करने की घोषणा की थी और अब सरकार ने इस दिशा में तैयारियां शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘वेड इन इंडिया’ की अवधारणा को बढ़ावा मिलेगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक वेडिंग सिटी विकसित करने का उद्देश्य शादी जैसे बड़े आयोजनों को एक ही स्थान पर सुव्यवस्थित करना, स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देना और रोजगार के नये अवसर सृजित करने के साथ- साथ लोगों को अपने ही राज्य में डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए रोके रखना है. इससे प्रदेश की संस्कृति और कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा.
वेडिंग हब बनकर उभरेगा हरियाणा
उन्होंने बताया कि सरकार की योजना के मुताबिक, इन वेडिंग सिटी (विवाह शहरों) में सगाई से विदाई तक की सभी रस्मों के लिए एकीकृत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. इसमें बैंक्वेट हॉल, ओपन गार्डन, कैटरिंग जोन, डेकोरेशन सेवाएं, गेस्ट हाउस, ट्रांसपोर्ट, शॉपिंग एरिया और एंटरटेनमेंट जोन शामिल होंगे. मतलब शादी के हर पहलू को एक ही परिसर में समेटने का प्रयास किया जा रहा है.
वेडिंग सिटी एक ऐसा समग्र परिसर होगा जहां शादी से जुड़े हर काम, जैसे कपड़ों की खरीददारी, ज्वैलरी, मेकअप, फोटो, वीडियोग्राफी, केटरिंग, स्टेज डेकोरेशन और मेहमानों की आवास व्यवस्था एक ही जगह उपलब्ध होगी. इससे लोगों को अलग-अलग स्थानों पर भागदौड़ करने से छुटकारा मिलेगा.
एक साथ मिलेंगे कई तगड़े फायदे
- स्थानीय कारोबार से लेकर स्थानीय कारीगरों, बुटीक, ज्वेलर्स और डेकोरेटर को स्थायी बाजार मिलेगा.
- छोटे व्यापारियों को बड़े आयोजनों से जोड़ने का मौका मिलेगा.
- इवेंट मैनेजमेंट, होटल, ट्रांसपोर्ट और फूड सेक्टर में नौकरियां बढ़ेंगी.
- स्थानीय युवाओं को कौशल विकास के अवसर मिलेंगे जिससे हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
- अन्य राज्यों से लोग यहां शादी करने आएंगे तो हरियाणा प्रदेश वेडिंग टूरिज्म के नए हब के रूप में उभर कर सामने आएगा.
- एक ही जगह पर सभी सुविधाएं मिलने से समय और पैसा दोनों की बचत होगी.
- इससे होटल, ट्रैवल और सर्विस इंडस्ट्री को फायदा होगा.