हरियाणा रोडवेज की यात्रियों को बड़ी सौगात, इन शहरों से जेवर एयरपोर्ट के लिए चलेगी सीधी बसें

फरीदाबाद | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में रोडवेज विभाग ने एक और नया अध्याय शुरू करते हुए UP के नोएडा स्थित जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवा संचालित करने की योजना बनाई है. विभाग द्वारा इस रूट पर सर्वे कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है और अब केवल उच्चस्तरीय आधिकारिक मंजूरी और रूट परमिट का इंतजार हो रहा है.

Haryana Roadways Bus 3

रोडवेज विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह सर्वे विशेष रूप से फरीदाबाद, पलवल और बल्लभगढ़ के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है. जेवर एयरपोर्ट के चालू होते ही इन शहरों से बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन शुरू हो जाएगा. इन्हीं यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के उद्देश्य से नई बस सेवा उपलब्ध कराने की तैयारियां शुरू हो गई है.

किफायती दरों पर मिलेगी सफर की सुविधा

इस सर्वे रिपोर्ट में उन रूटों को प्राथमिकता दी गई है जो कम समय में और शहर की सड़कों की भीड़- भाड़ से दूर यात्रियों को सीधे जेवर एयरपोर्ट टर्मिनल तक पहुंचा सके. इसमें यमुना एक्सप्रेसवे और कुंडली- मानेसर- पलवल (KMP एक्सप्रेसवे) के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया गया है.

वर्तमान में फरीदाबाद और गुरुग्राम से IGI एयरपोर्ट की बात करें या फिर जेवर एयरपोर्ट पर पहुंचना हो, यात्रियों को महंगे किराए का भुगतान कर एयरपोर्ट का सफर तय करना पड़ रहा है. ऐसे में हरियाणा रोडवेज की इस पहल से यात्रियों को एयरपोर्ट तक किफायती दरों पर सफर करने की सुविधा मिलेगी. उन्होंने बताया कि बल्लभगढ़ बस स्टैंड को एक प्रमुख ट्रांजिट हब के रूप में देखा जा रहा है जहां से जेवर एयरपोर्ट के लिए बसों की फ्रीक्वेंसी सबसे ज्यादा रखी जा सकती है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा के इस शहर में देश का अनोखा दवा बैंक, पर्ची दिखाने पर मुफ्त मिलेगी दवाइयां

मंजूरी का इंतजार

रोडवेज विभाग के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि सर्वे की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी गई है. अब विभाग UP रोडवेज विभाग के साथ अंतर्राज्यीय समझौता और रूट परमिट की औपचारिकताओं को पूरा करने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है. जैसे ही राज्य सरकार की ओर से अंतिम हरी झंडी मिलती है, जेवर एयरपोर्ट के लिए संचालित होने वाली बसों का संचालन समय जारी कर दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि पहले चरण में साधारण और एसी दोनों तरह की बसों के संचालन को हरी झंडी दिखाई जाएगी ताकि यात्री अपने बजट के हिसाब से अपने सफर को पूरा कर सकें.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.