चंडीगढ़ | हरियाणा में राशनकार्ड धारकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि प्रदेश सरकार ने BPL राशनकार्ड धारकों को एक साथ दो महीने का गेहूं वितरित करना शुरू कर दिया है. यह कदम आगामी गेहूं खरीद और गोदामों को खाली करने के उद्देश्य से उठाया गया है. ज्यादातर जिलों में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने सभी सरकारी राशन डिपो पर गेहूं की आपूर्ति शुरू कर दी है.

सरसों तेल और चीनी का वितरण अप्रैल- मई के लिए केवल एक महीने का ही किया जाएगा. अप्रैल और मई का राशन बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के माध्यम से एकमुश्त दिया जा रहा है.
एक साथ मिलेगा 2 महीने का गेहूं
अंत्योदय अन्न योजना के तहत प्रत्येक राशनकार्ड पर 35 किलोग्राम गेहूं वितरित किया जा रहा है. वहीं, BPL राशनकार्ड धारकों को प्रति व्यक्ति 5 किलोग्राम के हिसाब से एक राशनकार्ड पर कुल 10 किलोग्राम गेहूं एक साथ मिलेगा. वहीं, राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है.
फतेहाबाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राशन डिपो पर 2 महीने की गेहूं प्राप्त करने के लिए पीओएस मशीन पर दो बार बायोमेट्रिक (अंगूठा) सत्यापन अनिवार्य किया गया है. उन्होंने कार्ड धारकों से आग्रह करते हुए कहा कि वे राशन डिपो पर 2 महीने की गेहूं के हिसाब से ही अपना थैला लेकर पहुंचे.
गोदाम खाली करने की पड़ी जरूरत
उन्होंने बताया कि रबी सीजन की फसलों की सरकारी खरीद शुरू हो चुकी है और प्रदेश सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर गेहूं खरीद की जाएगी. इस गेहूं को स्टोरेज करने के लिए पर्याप्त जगह की आवश्यकता होगी. सरकार ने एक साथ दो महीने की गेहूं वितरित करने का फैसला लिया है ताकि गोदामों को खाली कर नई फसल रखने के लिए जगह बनाई जा सकें.