फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले के मच्छगर गांव में स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर सिर्फ पूजा- अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां समाज के लिए कई सुविधाएं दी जा रही है. बता दें कि गांव के बीचो- बीच स्थित यह मंदिर दूर- दूर तक प्रसिद्ध है और यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते है. मंगलवार और शनिवार को यहां भक्तों की भीड़ आश्चर्यजनक होती है.

करीब 75 साल पुराना इतिहास
यह मंदिर 70 से 75 साल पुराना है और इस इलाके में दक्षिणमुखी मंदिर ही ऐसा मंदिर है जहां बाबा हनुमान के साथ शिवजी, माता दुर्गा और शनि महाराज की भी प्रतिमा है. लगभग 4 एकड़ में फैले इस मंदिर में सिर्फ पूजा-पाठ ही नहीं, बल्कि कई सामाजिक कार्य भी होते है. यहां मंदिर के अंदर एक लाइब्रेरी है, जहां लोग धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन कर सकते है. महिलाओं के लिए एक सिलाई सेंटर भी तैयार किया गया है, जहां महिलाएं सिलाई सीख सकती है.
आमतौर पर देखा गया है कि मंदिर सिर्फ पूजा -अर्चना के लिए ही जाने जाते है, लेकिन मच्छगर गांव का यह मंदिर समाज सेवा और शिक्षा का केंद्र बन गया है. इससे गांवो के लोगों को एक ही जगह पर शिक्षा, कौशल और धार्मिक वातावरण जैसी सुविधाएं मिल जाती है.
हर मनोकामना होती है पूर्ण
इस मंदिर में स्थापित हनुमान जी की विशाल प्रतिमा भक्तों का ध्यान अपनी ओर खींचती है. यहां से गुजरने वाला हर व्यक्ति बाबा के दर्शन करके आगे बढ़ता है. यहां हनुमान जयंती बड़े धूमधाम से मनाई जाती है और इस दिन श्रद्धालुओं की अच्छी- खासी भीड़ यहां देखने को मिलती है. मंदिर की मान्यता है कि जो भी सच्चे मन से बाबा से मनोकामना करता है, उसकी सारी मनोकामना पूर्ण होती है.