चंडीगढ़ | हरियाणा में गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए दोपहर बाद का मौसम राहत लेकर आया है. हालांकि, मौसम में इस बदलाव से किसानों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है. गेहूं कटाई का कार्य जोरों से चल रहा है. ऐसे में बारिश होने से कार्य प्रभावित होने की संभावना है.

हरियाणा में बारिश के साथ गिरे ओले
दोपहर बाद मौसम में एकाएक बदलाव देखने को मिला और सोनीपत, पानीपत, भिवानी, हिसार, हांसी, सिरसा और कैथल में तेज बारिश देखने को मिली है. हांसी में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है. अधिकतर जिलों में अभी भी बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है.
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ द्वारा हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, सिरसा, जींद और सोनीपत में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
तापमान में उतार- चढ़ाव जारी
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बादल और तेज हवाओं के चलते रात के तापमान में भी उतार- चढ़ाव देखने को मिल सकता है. आज दोपहर बाद हुई बारिश से प्रदेश के कई जिलों में अनाज मंडी में खुले में रखा गेहूं भीग गया है. इससे फसल की गुणवत्ता प्रभावित होगी जिससे किसानों को उचित भाव नहीं मिलेगा और उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है.