फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे. इसी कड़ी में पूर्वी- पश्चिमी शहर की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए एलिवेटेड और गुरुग्राम- फरीदाबाद- नोएडा नमो भारत रैपिड रेल परियोजना को एक ही रूट पर संचालित करने की योजना बनाई गई है. यहां बाटा रेलवे ओवरब्रिज के पास से ही दोनों परियोजनाओं के लिए एलिवेटेड रूट तय होगा.

जल्द जारी होगा टेंडर
फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) के अधिकारियों ने इस रूट का सर्वे करने के बाद बताया है कि बाटा ओवरब्रिज के पास दोनों परियोजनाएं एक-एक पिलर पर ही आएगी, मौके पर इतनी जगह चयनित कर ली जाएगी. अब अगले सप्ताह FMDA के अधिकारी रेल परियोजना विभाग के अधिकारियों संग बैठक करेंगे. उन्हें भी मौके का मुआयना करवाया जाएगा. इसके बाद यदि सबकुछ ठीकठाक रहा तो जुलाई या अगस्त महीने में इस परियोजना के लिए टेंडर जारी किए जा सकते हैं.
इस बड़ी परियोजना पर इसी साल काम शुरू होने की कवायद शुरू हो गई है ताकि मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में होने वाली FMDA की अगली बैठक में इस परियोजना को शुरू करने का श्रेय लिया जा सकें.
यह रहेगा रूट
नमो भारत रैपिड रेल परियोजना के तहत गुरुग्राम से वाया फरीदाबाद होते हुए रैपिड रेल नोएडा के सेक्टर- 142 और सुरजपुर तक जाएगी. प्रस्तावित रूट के तहत सैनिक काॅलोनी से अनखीर चौक, बड़खल चौक और फिर ग्रेटर फरीदाबाद होते हुए आगे नोएडा तक है.
उधर, पूर्वी- पश्चिमी शहर की कनेक्टिविटी के लिए एलिवेटेड पुल की शुरुआत सैनिक काॅलोनी से होते हुए मस्जिद चौक को पार कर प्याली- हार्डवेयर चौक से होते हुए सीधे बाटा रेलवे पुल को पार कर कोर्ट रोड से होते हुए दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगा. इस परियोजना के पूरा होने पर शहर में एक जगह से दूसरी जगह के लिए सफर करना आरामदायक हो जाएगा.