फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले से आमजन के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां बल्लभगढ़- जवां रोड के किनारे बसे 2 दर्जन से ज्यादा गांवों की आबादी के लिए अब मोहना एलिवेटेड कॉरिडोर तक पहुंच काफी आसान हो जाएगी. बता दें कि HSVP द्वारा दौलत कालोनी में मौजूदा ढांचों को हटाकर एक नई फोरलेन सड़क का निर्माण किया गया है, जो सीधे मोहना एलिवेटेड कॉरिडोर से कनेक्टिविटी प्रदान करेगी.

पहले इन गांवों की आबादी को मोहना एलिवेटेड कॉरिडोर तक पहुंचने के लिए ऊंचा गांव से होकर गुजरने वाली संकरी सड़क का इस्तेमाल करना पड़ता था. सड़क मार्ग की चौड़ाई कम होने, आसपास लगते घरों से सड़क पर निकलने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा जैसी बातों को लेकर यहां से सफर करना काफी मुश्किल भरा हो रहा था क्योंकि हर वक्त सड़क दुघर्टना का खतरा बना रहता था.
संकरी सड़क से मिलेगा छुटकारा
मोहना एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है. इसी प्रोजेक्ट को देखते हुए पूर्व परिवहन मंत्री एवं बल्लभगढ़ से बीजेपी विधायक मूलचंद शर्मा ने HSVP के जरिए दौलत कालोनी के अंदर एक फोरलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा. इस योजना को मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया गया था और अब इस महीने के आखिर तक इस सड़क मार्ग का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा.
इस फोरलेन सड़क मार्ग के निर्माण से 25 गांवों के लोगों को ऊंचा गांव की पुरानी संकरी सड़क से होकर गुजरने की समस्या से छुटकारा मिलेगा. वे एलिवेटेड कॉरिडोर के जरिए सीधे मुख्य हाईवे तक पहुंच सकेंगे. इससे उनका समय बचेगा और उनकी यात्रा भी सुरक्षित होगी.
इन गांवों के लिए आई राहत
इस नई फोरलेन सड़क मार्ग के निर्माण का जिन गांवों को फायदा पहुंचेगा उनमें साहूपुरा, मलेरना, सुनपेड़, शाहपुर कलां, सागरपुर, डीग, पीएम डीग, असावटी, फतेहपुर बिल्लोच, पनहेड़ा कलां, लाधौली, काकरीपुर, नई नंगला, बधराम, जवान, अटेरना, गोपीखेड़ा, घघोट, सदरपुर, अलावलपुर और जनाउली शामिल हैं. इन गांवों की आबादी ने इस सड़क मार्ग के निर्माण पर खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि सचमुच में बहुत अच्छा काम हुआ है.