हरियाणा कांग्रेस विधायक के बयान से गर्माया सूबे का सियासी पारा, 5 मई को हनुमानजी के भंडारे में लेंगे बड़ा फैसला

झज्जर | हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के बाद सियासी पारा गर्माया हुआ है. कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध को बेहद मामूली अंतर से भले ही जीत हासिल हुई है. उसके बाद, जो सियासी घटनाक्रम हुआ था वो अब तक जारी है. कांग्रेस पार्टी के 5 विधायकों पर क्रॉस वोटिंग के आरोप लगे थे. पार्टी की अनुशासन समिति ने इन सभी विधायकों को सस्पेंड कर दिया है.

Karamveer Singh Baudh

4 विधायकों के वोट रद्द हुए थे जिसके बाद विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के एजेंट रहे पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भुपेंद्र हुड्डा ने चुनाव आयोग पर पक्षपात रवैया अपनाने के आरोप जड़े थे. इस चुनाव में कांग्रेस के झज्जर के बादली विधानसभा क्षेत्र से विधायक कुलदीप वत्स का नाम भी रद्द वोटों वाले विधायकों में उछाला गया था जिसके बाद उन्होंने खुलकर नाराजगी जाहिर की थी और उनकी नाराजगी आज भी बदस्तूर जारी है.

हनुमानजी के भंडारे से करेंगे बड़ा ऐलान

झज्जर के बादली हलके से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने एक बार फिर अपने तीखे और बेबाक बयानों से हरियाणा की राजनीति में हलचल मचा दी है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 5 मई को ही वह अपने राजनीतिक भविष्य का बड़ा फैसला करेंगे, चाहे वह कांग्रेस में रहना हो या पार्टी छोड़ना. साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि उसी दिन यह भी तय होगा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा को झटका देना है या किसी और बड़े चेहरे को.

कुलदीप वत्स ने बताया कि 5 मई को वह हनुमानजी का भंडारा आयोजित कर रहे हैं और उसी मंच से अपने अगले कदम का ऐलान करेंगे. उसी दिन बताऊंगा कि कांग्रेस में रहना है या छोड़ना है और किसको कैसा झटका देना है. मैं स्वाभिमानी व्यक्ति हूं, दबकर राजनीति नहीं करता. इस बयान ने साफ कर दिया है कि वत्स अब निर्णायक मोड़ पर खड़े हैं. उन्होंने बताया कि राज्यसभा चुनाव के दौरान उनके पास बहुत फोन आए लेकिन मुझे खरीद सकें, ऐसा कोई नोट नहीं बना.

यह भी पढ़े -  शहरी निकाय चुनावों के लिए हरियाणा कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार, इन प्रत्याशियों पर खेला दांव

उनके इस बयान ने हरियाणा की राजनीति में फिर से नई हलचल और अनिश्चिता पैदा कर दी है. हालांकि, कुछ दिन पहले खुद भुपेंद्र हुड्डा ने कुलदीप वत्स के निवास स्थान पर जाकर उनसे मुलाकात की थी. उसके बाद इन चर्चाओं पर विराम लग गया था लेकिन अब फिर उनके इस बयान से राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है.

ईमानदारी की नहीं हैं कद्र

राज्यसभा चुनाव में रद्द वोटों वाले विधायकों में नाम उछाले जाने पर विधायक कुलदीप वत्स ने कहा था कि कांग्रेस में ईमानदारी से काम करने वालों की कोई कद्र नहीं है. यहां भ्रष्ट और चापलूसी करने वाले नेताओं की कद्र हो रही है. उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी की ईमानदारी से सेवा करने पर उन्हें यह फल मिला है. वो इससे बिल्कुल नाराज हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.