हिसार | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है. इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मशहूर धार्मिक स्थल एवं भगवान श्री कृष्ण की नगरी वृंदावन के लिए सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात दी गई है.

हिसार- वृंदावन बस का शेड्यूल
रोहतक रोडवेज डिपो की यह बस हिसार बस स्टैंड से सुबह 10 बजे रवाना होकर 10.40 बजे हांसी, 11.20 बजे महम, सवा 12 बजे रोहतक, दोपहर 01.20 बजे बहादुरगढ़, दिल्ली सराय काले खां बस स्टैंड 3 बजे और साढ़े 4 बजे पलवल पहुंचते हुए साढ़े 7 बजे वृंदावन पहुंचेगी.
इसी तरह वापसी में अगले दिन सुबह वृंदावन से सुबह 5 बजे रवाना होकर सवा 6 बजे पलवल, 8 बजे दिल्ली ISBT, साढ़े 10 बजे रोहतक होते हुए लगभग 1 बजे हिसार पहुंचेगी. यह बस हिसार बस स्टैंड से रवाना होकर वाया हांसी, महम, रोहतक, बहादुरगढ़, दिल्ली सराय काले खां, बदरपुर, बल्लभगढ़, पलवल, होडल और कोसी होते हुए वृंदावन का सफर तय करेगी.
श्रद्धालुओं को मिलेगा फायदा
रोहतक डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि हिसार बस स्टैंड से वृंदावन के लिए चलने वाली इस सीधी बस सेवा का श्रद्धालुओं को विशेष तौर पर फायदा मिलेगा. उन्हें बार-बार बस बदलने के झंझट से छुटकारा मिलेगा. वहीं, यात्रियों को साथ ही दिल्ली और पलवल जैसे लंबे रूट्स पर अतिरिक्त बस सेवा का लाभ मिलेगा. आगामी गर्मियों की छुट्टियों में वृंदावन जाने की योजना बना रहे लोगों को इस बस सेवा का निश्चित तौर पर फायदा पहुंचेगा.